Summer Travel Destinations: गर्मियों का मौसम अपने अंतिम पड़ाव पर है और जल्द ही मानसून की दस्तक पूरे देश में सुनाई देने लगेगी। बारिश का मौसम जहां प्रकृति को नई ताजगी देता है, वहीं कई पहाड़ी इलाकों में लैडस्लाइड, सड़क बंद होने और यात्रा संबंधी परेशानियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में अगर आप प्राकृतिक सुंदरता के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो बारिश शुरू होने से पहले का समय घूमने के लिए सबसे बेहतरीन माना जाता है। आइए जानते हैं देश की 5 ऐसी खूबसूरत वादियां (Beautiful Valleys in India) जिन्हें मानसून आने से पहले जरूर एक्सप्लोर करना चाहिए।
1. कश्मीर वैली, जम्मू-कश्मीर
कश्मीर को धरती का स्वर्ग ऐसे ही नहीं कहा जाता है। यहां आपको बर्फ से ढकी चोटियां, डल झील की खूबसूरती और हरे-भरे मैदान देखने को मिलते हैं। गर्मियों के दौरान यहां का मौसम बेहद सुहावना रहता है। कश्मीर में गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसी जगहें नेचर लवर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं हैं।
2. पार्वती वैली, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश की पार्वती वैली ट्रैकिंग लवर्स के बीच काफी लोकप्रिय है। कसोल, तोष और खीरगंगा जैसी जगहें इस घाटी की खूबसूरती को और बढ़ाती हैं। यहां बहती पार्वती नदी और देवदार के घने जंगल मन को सुकून देने का काम करते हैं।
3. स्पीति वैली, हिमाचल प्रदेश
अगर आप कुछ अलग और रोमांचक अनुभव चाहते हैं तो स्पीति वैली आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकती है। ऊंचे पहाड़, प्राचीन मठ और शांत वातावरण इसे खास बनाते हैं। बारिश शुरू होने से पहले यहां का मौसम यात्रा के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है।
4. युमथांग वैली, सिक्किम
सिक्किम की युमथांग वैली को 'वैली ऑफ फ्लावर्स' भी कहा जाता है। गर्मियों में यहां रंग-बिरंगे फूलों की चादर बिछ जाती है। बर्फीले पहाड़ों और प्राकृतिक सौंदर्य से घिरी यह घाटी फोटोग्राफी प्रेमियों के लिए किसी खजाने से कम नहीं है। आप यहां आने का प्लान मानसून सीजन से पहले बना सकते हैं।
5. नुब्रा वैली, लद्दाख
लद्दाख की नुब्रा वैली अपनी अनोखी भौगोलिक बनावट के लिए जानी जाती है। यहां आपको रेतीले टीलों के साथ बर्फ से ढके पहाड़ भी देखने को मिल जाएंगे। डबल हंप ऊंट की सवारी और शांत वातावरण इस जगह को और खास बनाते हैं।
बारिश शुरू होने से पहले इन जगहों पर मौसम साफ रहता है, जिससे नेचर के नजारों का भरपूर आनंद लिया जा सकता है। इस दौरान यहां सड़कें भी बेहतर स्थिति में रहती हैं और ट्रैकिंग या टूरिस्ट स्पॉट की यात्रा करना आसान होता है। यही वजह है कि मई का लास्ट और जून का शुरुआती सप्ताह इन खूबसूरत वादियों को देखने का सबसे अच्छा समय माना जाता है।
