Astro Tourism: अब ट्रैवल का मतलब सिर्फ पहाड़, समुद्र और ऐतिहासिक जगहें घूमना ही नहीं रहा। महाराष्ट्र सरकार एक नया और अलग एक्सपीरियंस लेकर आई है एस्ट्रो-टूरिज्म यानी तारों के नीचे घूमने का मजा। इसके तहत राज्य में 11 ऐसी जगहों की पहचान की गई है, जहां आप साफ और अंधेरे आसमान (Dark Sky Tourism) में तारों को करीब से देख सकेंगे। यह पूरी पहल डार्क स्काई पॉलिसी का हिस्सा है। आसान भाषा में समझें तो सरकार इन जगहों पर लाइट पॉल्यूशन कम करेगी, ताकि आसमान साफ दिखे और लोग खगोल विज्ञान को अच्छे से एक्सपीरियंस कर सकें।
आखिर एस्ट्रो-टूरिज्म है क्या?
एस्ट्रो-टूरिज्म मतलब ऐसी जगह जाना जहां आप बिना किसी रुकावट के रात के आसमान को देख सकें। इसमें सिर्फ तारे गिनना नहीं, बल्कि खगोल विज्ञान को समझना, टेलीस्कोप से ग्रह देखना और ब्रह्मांड के करीब महसूस करना शामिल है।
महाराष्ट्र के टॉप एस्ट्रो-टूरिज्म स्पॉट
पेंच टाइगर रिजर्व
हरिहरेश्वर
लोनार क्रेटर झील
ताडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व
भंडारदरा
नासिक के पास उद्माल गांव
इनमें से ज्यादातर जगहें शहरों से दूर हैं, जहां रोशनी कम होती है और आसमान साफ दिखाई देता है यानी स्टार गेजिंग के लिए परफेक्ट।
तेजी से बढ़ रहा है ये ट्रैवल ट्रेंड
पिछले कुछ सालों में एस्ट्रो-टूरिज्म तेजी से बढ़ा है। लोग अब शांति और यूनिक एक्सपीरियंस की तलाश में रहते हैं, और यही चीज उन्हें इस तरह के ट्रैवल की तरफ खींच रही है। लद्दाख में बना खगोल विज्ञान ऑब्जर्वेशन सेंटर इसका बड़ा उदाहरण है, जहां टूरिस्ट्स हाई-टेक टेलीस्कोप से रात के आसमान को एक्सप्लोर करते हैं।
खगोल दर्शन महोत्सव
इस पहल को और खास बनाने के लिए 2026 में पहली बार खगोल दर्शन महोत्सव भी आयोजित किया जा रहा है। यह 24 से 26 अप्रैल तक हरिहरेश्वर और लोनार क्रेटर झील में होगा। यहां लोग टेलीस्कोप से तारों, ग्रहों और गैलेक्सी को देखने का अनुभव ले पाएंगे।
ट्रिप प्लान करते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप भी इस तरह की ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातें याद रखें। मौसम साफ होना चाहिए, वरना बादल पूरा मजा खराब कर देंगे। अमावस्या के आसपास जाएं, तब आसमान सबसे ज्यादा डार्क होता है। शहरों से दूर जगह चुनें, जहां लाइट पॉल्यूशन कम हो। टेलीस्कोप या गाइडेड टूर का ऑप्शन मिले तो जरूर लें।
