Nature Retreats: कुछ लोग भीड़ भरी सड़कों पर भागदौड़ करने के बजाए शांति भरी जगहों की तलाश में रहते हैं। अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें सुबह जल्दी उठना, शांति से चाय की चुस्की लेना या बिना किसी योजना के यूं ही घूमना पसंद है तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। अगर शांत सुबह और खाली पल आपको व्यस्त कार्यक्रम से बेहतर लगते हैं, तो ये 5 जगहें हैं जिन्हें आप ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
गोकर्ण, कर्नाटक
गोकर्ण अपनी ही रफ्तार से चलता है। ना कोई शोरशराबा, न भीड़भाड़। बस शांत समुद्र तट और धीमी सुबह। पानी के किनारे बैठें, मछुआरों को जाल खींचते हुए देखें या लहरों के किनारे बैठकर किताब में खो जाएं। यहां कुछ भी आपको तंग नहीं करता और यही इसकी खासियत है।
कुमटा, कर्नाटक
कुमटा को अक्सर लोग नजअंदाज कर देते हैं। यह जगह किसी वरदान से कम नहीं है। यहां के समुद्र तट लगभग खाली रहते हैं, सुबह मौसम सुहाना होता है, और आप मीलों तक नंगे पैर चल सकते हैं बिना किसी दूसरे इंसान को देखे। यहां बस आप, लहरें और ढलता सूरज है। कोई जल्दबाजी नहीं। कोई शोर नहीं। बस शांति।
माजुली, असम
मजुली हरा-भरा और शांत द्वीप है। यह दुनिया के सबसे बड़े नदी द्वीपों में से एक है, लेकिन यहां आकर यह छोटा सा लगता है। लोग धीमी आवाज में बातें करते हैं, नदी का रंग बदलता रहता है, और आप अपना दिन धान के खेतों के बीच साइकिल चलाते हुए या बस पानी को बहते हुए देखते हुए बिता सकते हैं।
तीर्थन घाटी, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में स्थित तीर्थन घाटी बिल्कुल अछूती लगती है। जंगल, नदियां, शांत पगडंडियां इसकी पहचान है। यहां दिन पक्षियों की चहचाहट और पहाड़ों की हवा के साथ बीत जाता है। कोई जल्दबाजी नहीं, कोई दर्शनीय स्थलों की लिस्ट नहीं। बस चलने, सोचने और समय को बीतने देने के लिए यह एक आदर्श जगह है।
वरकला, केरल
वरकला पर आम समुद्र तटों जैसी भीड़भाड़ नहीं है। इसके बजाय, यहां समुद्र के नजारे और शांति का संगम है। सुबह सैर के लिए, शायद थोड़ा योग करने के लिए ये जगह परफेक्ट है। शाम को, आप बस सूरज को डूबते हुए देखते हैं।
