Sanath Jayasuriya On Vaibhav Sooryavanshi: पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज सनथ जयसूर्या ने भारतीय क्रिकेट के नए सनसनी 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है, लेकिन साथ ही उन्हें लंबा सफर तय करने की नसीहत भी दी है। दिल्ली में कॉरपोरेट वर्ल्ड कप के कार्यक्रम के दौरान ANI से बात करते हुए जयसूर्या ने कहा कि यह टूर्नामेंट उन खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर है जो क्रिकेट के दूसरे स्तर पर आगे नहीं बढ़ पाए। यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को कॉरपोरेट सेक्टर में काम करते हुए भी क्रिकेट में आगे बढ़ने का रास्ता देता है।
वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की
वैभव सूर्यवंशी को लेकर जब उनसे पूछा गया तो जयसूर्या ने कहा, "वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए निश्चित रूप से एक रोमांचक प्रतिभा हैं। हालांकि, उन्हें अभी काफी लंबा सफर तय करना है।" जयसूर्या का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि वैभव ने IPL में जयसूर्या का ही 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। दरअसल, IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक मैच में वैभव ने पावरप्ले में 8 छक्के जड़े थे। उन्होंने IPL इतिहास में पहले 6 ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ा था। जयसूर्या ने 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले 6 ओवर में 7 छक्के लगाए थे।
अभिषेक शर्मा की भी तारीफ की
जयसूर्या ने इसी दौरान टीम इंडिया के एक और युवा स्टार अभिषेक शर्मा की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "अभिषेक ने टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली है। वह अच्छी तरह जानते हैं कि टीम को उनसे क्या चाहिए और उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।" दिग्गज श्रीलंकाई क्रिकेटर ने भारतीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण को अहम बताया। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों को सीनियर खिलाड़ियों से सीखने का मौका मिलता है और यही वर्ल्ड कप के लिए मजबूत टीम बनाता है। हम सभी जानते हैं कि जयसूर्या की गिनती दुनिया के सबसे विस्फोटक ओपनरों में होती है।
