शहर

मुश्किलों में फंसे एक्टर और पूर्व WWE रेसलर सौरव गुर्जर, एयरपोर्ट पर पुलिस ने पकड़ा; कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा, जानें वजह

Saurav Gurjar: पूर्व WWE रेसलर और अभिनेता सौरव गुर्जर को गच्चीबोवली पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लेकर हैदराबाद पहुंचाया है। मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Image

अभिनेता और पूर्व WWE रेसलर सौरव गुर्जर (फाइल फोटो- IMDb)

Saurav Gurjar: अभिनेता और पूर्व WWE रेसलर सौरव गुर्जर को गच्चीबोवली पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया है। इसके बाद पुलिस उन्हें हैदराबाद लेकर पहुंची, जहां उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद सौरव गुर्जर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। यह मामला 29 वर्षीय महिला की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। महिला ने आरोप लगाया है कि सौरव गुर्जर ने शादी का भरोसा देकर उसका शोषण किया और उसे प्रताड़ित किया। शिकायतकर्ता ने 15 अगस्त को साइबराबाद के गच्चीबोवली थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

2021 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी मुलाकात

शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी सौरव गुर्जर से मुलाकात साल 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सऐप पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और समय के साथ उनकी नजदीकियां बढ़ती गईं। महिला के मुताबिक, दोनों पहली बार 25 दिसंबर 2021 को आमने-सामने मिले थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस दौरान सौरव गुर्जर ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया था।

शादी की बात पर फोन नंबर ब्लॉक करने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ा। महिला के मुताबिक, सौरव गुर्जर ने उसे अमेरिका की नौकरी छोड़ने के लिए कहा था और दोनों के साथ मिलकर कारोबार शुरू करने का भरोसा भी दिलाया था। महिला ने दावा किया कि बाद में कथित प्रताड़ना का असर उसके पेशेवर जीवन पर भी पड़ा और वह अपनी नौकरी पर ठीक से ध्यान नहीं दे पा रही थी। शिकायत में उसने यह भी आरोप लगाया कि जब वह सौरव से शादी को लेकर बात करती थी, तो वह उसका फोन नंबर ब्लॉक कर देता था और उससे दूरियां बना लेता था।

पूरे मामले की हर एंगल से जांच जारी

महिला के अनुसार, सौरव गुर्जर अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक उसके साथ रहा। इसके बाद हैदराबाद लौटने के दौरान भी दोनों की कई बार मुलाकात हुई, लेकिन बाद में सौरव कथित तौर पर बिना कोई जानकारी दिए वहां से चला गया। महिला की शिकायत के आधार पर गच्चीबोवली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सौरव को मुंबई में ट्रेस किया और एयरपोर्ट से हिरासत में लेकर हैदराबाद पहुंचाया। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, शादी के कथित वादे और दोनों के बीच संबंधों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

महाभारत से लेकर ब्रह्मास्त्र में नजर आ चुके हैं सौरव

सौरव गुर्जर ने रेसलिंग के क्षेत्र में WWE में 'सांगा' नाम से रिंग में प्रदर्शन किया और NXT तथा RAW जैसे ब्रांड्स में नजर आए। इससे पहले उन्होंने 2011 में डेडली डंडा के नाम से रिंग का किंग में भी हिस्सा लिया था। सौरव राष्ट्रीय स्तर पर किकबॉक्सिंग में गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं। अभिनय की बात करें तो उन्हें टीवी के लोकप्रिय सीरियल 'महाभारत' (2013-2014) में भीम की भूमिका से खास पहचान मिली। इसके अलावा उन्होंने 'संकटमोचन महाबली हनुमान' (2016-2017) में रावण और वाली जैसे किरदार निभाए। साल 2022 में वह अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन- शिवा' में भी नजर आए, जिसमें उन्होंने खलनायक की भूमिका निभाई थी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!