विराट कोहली

विराट कोहली भारत के सर्वकालिक महान क्रिकेट खिलाड़ियों में से एक हैं। उनका जन्म 5 नवंबर , 1988 को दिल्ली में हुआ था। उन्हें मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। विराट कोहली साल 2008 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान थे। इसके बाद उन्हें आईपीएल नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम ने अपनी टीम में शामिल कर लिया जिसके सदस्य वो अबतक बने हुए हैं। विराट कोहली ने 18 अगस्त, 2008 को श्रीलंका के खिलाफ भारत के लिए वनडे डेब्यू किया था। जून, 2010 में जिंबाब्वे के खिलाफ हरारे में विराट ने पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 खेला था। विराट के टेस्ट करियर की शुरुआत जून, 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन में हुई थी। विराट कोहली साल 2011 में एमएस धोनी की कप्तानी में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे। बांग्लादेश के खिलाफ अपने विश्व कप डेब्यू मैच में विराट ने शतक जड़ा था। वो तीनों फॉर्मेट में 100 मैच खेलने वाले पहले भारतीय हैं।