Virat Kohli on 2023 World Cup: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारे विराट कोहली ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल की हार को लेकर बड़ा बयान दिया है। कोहली ने माना कि उस हार का दर्द आज भी उनके दिल में है और करियर में थोड़ा अधूरा काम बाकी है। जियोस्टार से बातचीत में कोहली ने कहा कि अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह फाइनल हार उनके लिए किसी बुरे सपने जैसा था। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में 10 मैच लगातार जीते थे, लेकिन फाइनल में टीम 240 रन पर ऑलआउट हो गई थी और 6 विकेट से हार गई थी।
फाइलन को याद करके इमोशनल हुए विराट
कोहली ने उस दिन को याद करते हुए कहा, "हां, थोड़ा अधूरा काम बाकी है। 2025 में IPL जीतने से पहले मुझे 2016 के फाइनल की याद आती थी। वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर भी वैसा ही महसूस होता है। मैं 54 रन पर खेल रहा था और खुद को बड़े शतक के लिए सेट कर चुका था। मुझे लगा था कि अगर मैं 140-150 रन बना देता तो हम मैच जीतने की बहुत अच्छी स्थिति में होते। लेकिन जैसे ही मैं बोल्ड हुआ, उसे कई दिनों तक प्रोसेस करना बहुत मुश्किल था। आप लगातार उसी के बारे में सोचते रहते हैं।"
फाइनल में कोहली ने बनाए थे 54 रन
फाइनल में कोहली 54 रन बनाकर पैट कमिंस की गेंद पर बोल्ड हुए थे। उस वक्त भारत संभलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उनके आउट होते ही पूरी टीम बिखर गई। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने 137 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। कोहली ने यह भी बताया कि उस वर्ल्ड कप में टीम का माहौल शानदार था। खिलाड़ियों के बीच गजब की दोस्ती और खुशी थी। हार्दिक पंड्या के चोटिल होने के बाद भी टीम ने हार नहीं मानी थी और मोहम्मद शमी ने आकर शानदार प्रदर्शन किया था। सबको लग रहा था कि यह वर्ल्ड कप हमारा ही है, इसलिए फाइनल में हार को पचाना और भी मुश्किल हो गया।
शानदार फॉर्म में थे कोहली
गौरतलब है कि कोहली उस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 11 पारियों में 95.62 की औसत से 765 रन बनाए थे, जो वर्ल्ड कप के एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है। अपने शानदार प्रदर्शन के लिए कोहली को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड मिला था, लेकिन फाइनल में हार की कसक उनके चेहरे पर साफ नजर आई थी। अब कोहली 2027 वनडे वर्ल्ड कप में अपने उस अधूरे सपने को पूरा करना चाहते हैं।
