IND vs WI 1st ODI Pitch Report: आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। विराट कोहली और रोहित शर्मा की वापसी के बाद यह पहला वनडे होगा, जहां भारतीय टीम 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी को परखेगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ इस सीरीज में एक बार फिर सभी की नजरें विराट कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी होंगी। दोनों दिग्गज फिर से आकर्षण का केंद्र होंगे, लेकिन साथ ही भारतीय टीम 2027 वर्ल्ड कप को देखते हुए युवाओं को परखना भी चाहेगी। वर्ल्ड कप से पहले भारत को 14 से 20 वनडे खेलने हैं। ये मैच अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय मजबूत टीम बनाने में बेहद अहम हैं। हार्दिक पांड्या चोट की वजह से बाहर हैं, इसलिए नितीश कुमार रेड्डी पर जिम्मेदारी बढ़ गई है। भारत की कप्तानी शुभमन गिल और वेस्टइंडीज की कमान साई होप के हाथों में है।
भारत और वेस्टइंडीज हेड टू हेड (IND vs WI Head To Head)
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे में अब तक 142 मुकाबले हुए हैं। इसमें भारत ने 72 मैच जीते हैं, जबकि वेस्टइंडीज ने 64 मैचों में जीत दर्ज की है। इनमें से 4 मुकाबला बेनतीजा रहा है और 2 मैच टाई हुए हैं। भारत में खेले गए मुकाबलों में टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। पिछले 10 वनडे में भारत ने 7 मैच जीते हैं, जबकि वेस्टइंडीज सिर्फ 2 मैच ही जीत पाया है।
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले वनडे मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs WI 1st ODI Pitch Report)
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे मुकाबला ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए जन्नत रही है। यहां काली मिट्टी की पिच है, जिस पर गेंद बल्ले पर आसानी से आती है और बड़े शॉट लगाना आसान होता है। यही वजह है कि 2023 में इसी मैदान पर भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 390 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया था, जो आज भी इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर है। यहां शुरुआती 10 ओवर में तेज गेंदबाजों को हल्की मदद मिलती है। शाम के समय नमी के कारण गेंद थोड़ी स्विंग हो सकती है, जिसका फायदा अल्जारी जोसेफ और मोहम्मद सिराज उठाना चाहेंगे। लेकिन एक बार बल्लेबाज सेट हो गया तो फिर रन रोकना मुश्किल होगा।
बीच के ओवरों में स्पिनरों को मदद
यहां मैच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, वैसे-वैसे पिच धीमी होने लगेगी। तब स्पिनरों का रोल अहम हो जाएगा। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव इस पिच पर काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं। इससे पहले 2023 में जडेजा ने यहां 4 विकेट लेकर मैच पलटा था। वेस्टइंडीज के पास भी गुडाकेश मोती और रोस्टन चेस जैसे अच्छे स्पिनर हैं। यह डे-नाइट मुकाबला है। ऐसे में टॉस बहुत अहम होने वाला है। दूसरी पारी में ओस का असर काफी ज्यादा रहता है। गीली गेंद से स्पिनरों को ग्रिप नहीं मिलती और तेज गेंदबाज भी परेशान होते हैं। इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी और चेज करना चाहेगी।
भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज में किन 5 खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें? (5 Players To Watch Out For In IND vs WI ODI Series)
भारतीय क्रिकेट फैंस की सबसे ज्यादा नजरें एक बार फिर रो-को की जोड़ी पर होगी। सचिन के बाद विराट कोहली 15000 वनडे रन बनाने से सिर्फ 51 रन दूर हैं। वहीं रोहित शर्मा लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ शतक लगाकर फॉर्म में लौटे हैं। भारतीय कप्तान गिल पर भी सबकी निगाहें होंगी। जबकि हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में नितीश कुमार रेड्डी पर ऑलराउंडर की जिम्मेदारी है। वेस्टइंडीज के फैंस कप्तान शाई होप पर निगाह रकेंगे।वेस्टइंडीज कप्तान पर टीम की बल्लेबाजी का दारोमदार है।
वनडे सीरीज के लिए भारत और वेस्टइंडीज की टीमें (India and West Indies Squads For ODI Series)
भारतीय वनडे टीम फुल स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, नितीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर।
वेस्टइंडीज वनडे टीम फुल स्क्वॉड
शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्डे, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स।
