क्रिकेट

क्या है विराट कोहली के जीवन का सबसे बड़ा सपना, 2027 वर्ल्ड कप को लेकर बताई दिल की बात

Virat Kohli Dream: विराट कोहली ने कहा कि उनका सपना वर्ल्ड कप फाइनल में चेज करते हुए मैच जिताऊ पारी खेलना है। कोहली ने यह भी साफ किया कि टीम की जीत सबसे पहले है। कोहली अब तक दो वनडे वर्ल्ड कप फाइनल खेल चुके हैं।

Image

विराट कोहली (फोटो साभार- BCCI)

Virat Kohli Dream: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर अपना सबसे बड़ा सपना बताया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीजन की शुरुआत से पहले कोहली ने कहा कि उनका सपना वर्ल्ड कप फाइनल में चेज करते हुए मैच जिताऊ पारी खेलना है। जियोस्टार से बात करते हुए कोहली ने अपने जुनून के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा से ऐसा खिलाड़ी रहा हूं जो हर मैच में टीम को जिताना चाहता है। मैं इसी तरह बना हूं और यह मेरे अंदर से कभी नहीं जाएगा। मेरा लक्ष्य टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा मैच जीतना है और मेरा सपना फाइनल में स्कोर का पीछा करते हुए मैच जिताऊ पारी खेलना है।"

विराट के जीवन का सबसे बड़ा सपना

हालांकि कोहली ने यह भी साफ किया कि टीम की जीत सबसे पहले है। उन्होंने कहा, "अगर ऐसा होता है तो बहुत अच्छा है। अगर नहीं होता है और हम वर्ल्ड कप जीत जाते हैं, तो भी मैं उतना ही खुश रहूंगा। आखिरी बार वर्ल्ड कप खेल रहे हैं तो ट्रॉफी जीतना सबसे जरूरी है।" 37 साल के कोहली ने आगे कहा कि बतौर बल्लेबाज मिडिल में टिककर टीम को मुश्किल से निकालने से ज्यादा संतोषजनक कुछ नहीं है। यही सोच उन्हें इस लेवल पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित करती है।

अब तक दो वर्ल्ड कप फाइनल खेल चुके हैं विराट

कोहली अब तक दो वनडे वर्ल्ड कप फाइनल खेल चुके हैं। 2011 में भारत ने श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था, जबकि 2023 में अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। 2027 वर्ल्ड कप जो साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा, वह कोहली का आखिरी वर्ल्ड कप होगा। टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके कोहली अब सिर्फ वनडे खेलते हैं और इस साल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 6 पारियों में 64 की औसत से 384 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। वह घर में सचिन तेंदुलकर के 6976 रन के रिकॉर्ड से सिर्फ 110 रन दूर हैं और उनके नाम 85 इंटरनेशनल शतक हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article