क्रिकेट

दूसरे गियर में बैटिंग करने की चुनौती, वर्ल्ड कप में बस एक साल-मुझे पता है मेरा लक्ष्य-विराट

वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेलने के बाद विराट ने कहा कि वर्ल्ड कप में बस एक साल का वक्त बचा है और उन्हें पता है कि उनका लक्ष्य क्या है। इसके अलावा उन्होंने अपने तेज खेलने के बारे में भी बात की।

Image

विराट कोहली (साभार-X)

विराट कोहली के वनडे क्रिकेट में 15,000 रन पूरे करने की उपलब्धि ने उन्हें सचिन तेंदुलकर के साथ विशिष्ट क्लब में पहुंचा दिया है लेकिन इस स्टार बल्लेबाज ने कहा कि व्यक्तिगत उपलब्धियां कभी उनका लक्ष्य नहीं रही हैं और वह टीम के लिए अपना स्तर ऊंचा उठाने की भूख बरकरार रखना चाहते हैं। कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में 15,000 एकदिवसीय रन पूरे करने वाले तेंदुलकर के बाद दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने। उन्होंने इस प्रारूप में अपना रिकॉर्ड 55वां शतक जड़कर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद प्रसारक से बातचीत में कोहली ने कहा, ’’मेरा ध्यान कभी इन उपलब्धियों पर नहीं रहा। मेरा ध्यान बस स्थिति को समझने और टीम के लिए अपना काम करने पर रहा है। उपलब्धियां अपने आप साथ आती हैं।’’

कोहली ने 88 गेंदों पर नाबाद 139 रन की पारी में नौ छक्के और 10 चौके लगाए जिससे भारत ने वेस्टइंडीज के सात विकेट पर 295 रन के जवाब में 41.4 ओवर में दो विकेट पर 300 रन बनाकर जीत हासिल की। कोहली ने कहा, ’’इतने लंबे समय तक खेलने और इस मुकाम पर पहुंचने के लिए मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली और ईश्वर का आभारी मानता हूं। बस सिर झुकाकर मेहनत करते रहना और जीवन में मिली हर चीज तथा अवसरों के लिए ईश्वर को धन्यवाद देना।’’

उन्होंने कहा, ’’हम बहुत सौभाग्यशाली जीवन और सफर जी रहे हैं क्योंकि बहुत से लोग यहां पहुंचना चाहते हैं, लेकिन हम उन भाग्यशाली लोगों में हैं जिन्हें यह मौका मिला। इसलिए हमें सिर झुकाकर जीवन के हर दिन कड़ी मेहनत करनी चाहिए।’’

कोहली ने कहा कि बल्लेबाजी में अधिक आक्रामक होकर अपना स्तर ऊंचा उठाना उनके लिए एक चुनौती रही है। पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ’’सबसे पहले अपने खेल को समझना जरूरी है। इसके अलावा जिस मुकाम पर मैं हूं, वहां खुद को शारीरिक रूप से फिट रखना भी महत्वपूर्ण है क्योंकि खेल कमोबेश दिमाग में ही होता है। जैसा कि आप जानते हैं, तीनों प्रारूपों में खेलने के दौरान भी मैं बहुत ज्यादा अभ्यास करने वाला खिलाड़ी नहीं रहा हूं।’’

कोहली ने कहा, ’’अपने करियर के इस पड़ाव पर मेरे सामने चुनौती थी कि मैं अपना स्तर ऊंचा उठाऊं और एक-दो गियर ऊपर खेलूं। इस पर काम करना मेरे लिए रोमांचक था।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article