शरद पवार

चार बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके शरद पवार का जन्म 12 दिसंबर 1940 को पुणे महाराष्ट्र में हुआ था। भारत सरकार में रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री जैसे पदों पर रह चुके शरद पवार की पार्टी का नाम राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) है जिसके वह फाउंडर और अध्यक्ष हैं। पवार ने 1999 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से अलग होने के बाद एनसीपी का गठन किया था। वह भारतीय संसद के ऊपरी सदन, राज्यसभा में राकांपा प्रतिनिधिमंडल के मुखिया होने के साथ-साथ महा विकास अघाड़ी के अध्यक्ष भी हैं। पवार महाराष्ट्र के बारामती से आते हैं। वह महाराष्ट्र के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार में से एक हैं और महाराष्ट्र की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा हैं। परिवार के अन्य राजनेताओं में उनकी बेटी सुप्रिया सुले, उनके भतीजे अजीत पवार, एक भतीजे के बेटे रोहित राजेंद्र पवार तथा अन्य सदस्य शामिल हैं।

राजनीति से इतर शरद पवार ने 2005 से 2008 तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष और 2010 से 2012 तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह कई वर्षों तक मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रहे। 2017 में, भारत सरकार ने शरद पवार को भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया।