देश

हॉस्पिटल में एडमिट शरद पवार ने सोशल मीडिया पर बारामती की जनता के नाम लिखा भावुक पोस्ट...

Sharad Pawar in Hospital:शरद पवार को स्वास्थ्य जांच के लिए मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शरद पवार ने सोशल मीडिया पर बारामती की जनता के नाम भावुक पोस्ट लिखा है।

Image

हॉस्पिटल में एडमिट शरद पवार (फाइल फोटो)

Sharad Pawar in Hospital: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य शरद पवार को स्वास्थ्य जांच के लिए मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि 85 वर्षीय पूर्व केंद्रीय मंत्री पवार को दो दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कहा जा रहा है कि बारामती के उप चुनाव में 23 अप्रैल शरद पवार वोटिंग नहीं कर पाएंगे। वहीं शरद पवार ने सोशल मीडिया पर बारामती की जनता के नाम भावुक पोस्ट लिखा है।

शरद पवार के जनता के नाम भावुक पोस्ट में क्या लिखा है-

मैंने 1967 में लड़ी गई अपनी पहली चुनाव से लेकर अब तक बारामती विधानसभा क्षेत्र में अपने मताधिकार का लगातार उपयोग किया है। अब वर्ष 2026 में बारामती विधानसभा क्षेत्र में महाराष्ट्र के एक लोकप्रिय और प्रिय नेता स्वर्गीय अजित पवार के दुर्भाग्यपूर्ण, आकस्मिक निधन की शोकपूर्ण पृष्ठभूमि में यह उपचुनाव हो रहा है।

इस उपचुनाव के लिए बारामती आकर अब तक की परंपरा के अनुसार मतदान करने का मैंने निर्णय लिया था। दुर्भाग्यवश मेरी तबीयत खराब हो गई और मुझे मुंबई के अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। डॉक्टरों ने उपचार और अनिवार्य विश्राम के कारण मुझे मुंबई से बाहर जाने से मना किया है। इसलिए अत्यंत मजबूरी में मुझे अपने मताधिकार का उपयोग करने से वंचित रहना पड़ रहा है, यह मैं अत्यंत दुःखी और खेदपूर्ण मन से कहना चाहता हूँ। मुझ पर अपार प्रेम और विश्वास रखने वाले बारामती के नागरिक, मतदाता और कार्यकर्ता मुझे समझेंगे, ऐसा मुझे विश्वास है।

हमारे दल (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी – शरदचंद्र पवार) ने इस उपचुनाव में श्रीमती सुनेत्रा अजित पवार को समर्थन दिया है। स्वर्गीय अजित पवार को यह हमारे दल की ओर से एक प्रकार की श्रद्धांजलि है। मैं बारामती के सभी मतदाताओं से अपील करता हूँ कि वे श्रीमती सुनेत्रा अजित पवार को वोट देकर स्वर्गीय अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित करें।

बारामती के मतदाताओं ने मुझ पर लंबे समय से विश्वास बनाए रखा है। मुझे विश्वास है कि वे इस अपील का सकारात्मक जवाब देंगे।

मतदान के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न हो पाने के कारण मैंने चुनाव आयोग के विभिन्न विकल्पों की भी जानकारी ली और पूछताछ की। लेकिन राज्य के चुनाव अधिकारियों द्वारा बताया गया कि ऐसे विकल्प उपलब्ध नहीं हैं। अंततः अत्यंत दुःखी और भारी मन से मुझे मतदान से दूर रहने का निर्णय लेना पड़ा। मैं बारामती के मतदाताओं से एक बार फिर अपील करता हूँ कि वे इस उपचुनाव में श्रीमती सुनेत्रा अजित पवार को वोट दें।

'उन्हें जांच के लिए भर्ती कराया गया है, कोई गंभीर बात नहीं है'

सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि 85 वर्षीय वरिष्ठ नेता को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लाया गया और उनकी स्थिति स्थिर है। एक सूत्र के अनुसार, उन्हें जांच के लिए भर्ती कराया गया है, कोई गंभीर बात नहीं है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article