देश

NCP के दोनों गुटों के विलय की अटकलों पर शरद पवार ने लगाया विराम, बोले- इसका कोई मतलब नहीं

एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं को शरद पवार ने खारिज किया है। उन्होंने इन खबरों को अफवाह करार दिया। इससे पहले उनकी बेटी सुप्रिया सुले भी इन बातों को खारिज किया था।

Image

शरद पवार ने खारिज की एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय की संभावना।

महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं को बड़ा झटका लगा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को एक बार फिर एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कर दिया है कि इस तरह की चर्चाओं का कोई महत्व नहीं है।

बारामती में पत्रकारों द्वारा एनसीपी के दोनों धड़ों के एक होने की संभावनाओं पर सवाल पूछे जाने पर उनका ये जवाब आया। इसी दौरान शरद पवार से महाराष्ट्र सरकार की नई फसल ऋण माफी योजना को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि भाजपा नीत राज्य सरकार ने पात्र किसानों की सूची चरणबद्ध तरीके से जारी करने का आश्वासन दिया है।उन्होंने कहा कि हम 15 दिन और इंतजार करेंगे। उसके बाद ही इस पर कोई टिप्पणी करेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले एनसीपी (एसपी) के कुछ नेताओं ने दावा किया था कि तत्कालीन एनसीपी प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार दोनों गुटों के विलय के पक्ष में थे, लेकिन इस बारे में आगे कुछ आगे होता उससे पहले ही उनका जनवरी में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।

इससे पहले, मानसून सत्र के पहले सर्वदलीय बैठक के बाद शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले द्वारा राजनाथ सिंह के पैर छूने के बाद भी इन चर्चाओं को बल मिला था। हालांकि तब सुप्रिया सुले ने भी एनसीपी के दोनों गुटों के विलय और एनडीए में शामिल होने की किसी भी संभावना से इनकार किया था। साथ ही उन्होंने साफ किया था कि किसी भी नेता ने इस बारे में उनसे संपर्क नहीं किया है। वहीं अब शरद पवार के इस बयान के बाद एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article