देश

शरद पवार को झटका दे भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री प्राजक्त तनपुरे; राहुरी-अहिल्यानगर में बदले समीकरण

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री प्राजक्त तानपुरे भाजपा में शामिल हो गया है। उद्धव ठाकरे सरकार में शहरी विकास और ऊर्जा राज्यमंत्री रह चुके तनपुरे ने कहा कि लंबे समय तक विपक्ष में रहने के कारण उनके कार्यकर्ता अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित थे।

Image

प्रजाक्त तानपुरे ने शरद पवार को दिया झटका।

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री प्राजक्त तनपुरे ने शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (एसपी) को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने शनिवार को पार्टी छोड़ कर सत्ताधारी भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने कहा कि बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच अपने समर्थकों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया है।वह मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के प्रमुख रवींद्र चव्हाण और पूर्व लोकसभा सदस्य सुजय विखे पाटिल की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।

शरद पवार से बात करने की नहीं थी हिम्मत

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज मैं भाजपा में शामिल हो गया हूं। यह निर्णय मैंने अपने सभी समर्थकों से विचार-विमर्श करने के बाद लिया है। पूर्व मंत्री ने बताया कि उनके लिए यह निर्णय आसान नहीं था। उन्होंने स्वीकार किया कि राकांपा (एसपी) छोड़ने का दर्द उन्हें अब भी महसूस हो रहा है। तानपुरे ने कहा कि वह शरद पवार और जयंत पाटिल से इस विषय पर सीधे बात नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने अपने निर्णय की जानकारी सांसद सुप्रिया सुले को दे दी थी।

ईडी के डर से नहीं लिया फैसला

उन्होंने इस आरोप को भी खारिज किया कि केंद्रीय एजेंसियों के दबाव या प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के डर की वजह से उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। तनपुरे ने कहा कि उनकी फैक्ट्री को भेजा गया नोटिस पहले ही रद्द हो चुका है और अब वह मुद्दा नहीं है। गौरतलब है कि ईडी ने 2022 में महाराष्ट्र राज्य सहकारी (एमएससी) बैंक घोटाला मामले में तानपुरे की कुछ जमीनें जब्त की थीं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि भाजपा में शामिल होने का उस मामले से कोई संबंध नहीं है।

उद्धव ठाकरे सरकार में थे मंत्री

उद्धव ठाकरे सरकार में शहरी विकास और ऊर्जा राज्यमंत्री रह चुके तनपुरे ने कहा कि लंबे समय तक विपक्ष में रहने के कारण उनके कार्यकर्ता अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित थे। उनके अनुसार, राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए सत्ता का समर्थन महत्वपूर्ण होता है और इसी वजह से उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया। मैंने एक बड़ा फैसला लिया है। यह सिर्फ मेरा फैसला नहीं है, बल्कि मेरे उन कार्यकर्ताओं का भी फैसला है जो हमेशा मेरे साथ खड़े रहे हैं। सत्ता से बाहर रहकर वर्षों के संघर्ष के बाद, उन्हें लगता है कि उनका राजनीतिक अस्तित्व खतरे में है। कहीं न कहीं, राजनीतिक कार्य सत्ता के समर्थन से ही चलता है।

राहुरी और अहिल्यानगर क्षेत्र में बदला समीकरण

तनपुरे के भाजपा में आने से राहुरी और अहिल्यानगर क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक स्थिति और मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, आगामी स्थानीय निकाय और विधानसभा चुनावों से पहले इसे शरद पवार गुट के लिए एक बड़े राजनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article