देश

Maharashtra Rajya Sabha Election: महायुति के 6 और MVA के शरद पवार राज्यसभा पहुंचे, सभी 7 उम्मीदवार निर्विरोध विजयी

महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीटों के लिए सात ही उम्मीदवार मैदान में होने के कारण सभी नेता निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इनमें महायुति गठबंधन के छह उम्मीदवार और विपक्षी महा विकास अघाड़ी के शरद पवार शामिल हैं।

Image

राज्यसभा के लिए महाराष्ट्र के सभी सातों उम्मीदवार निर्विरोध जीते।

महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीटों के लिए हो रहे चुनाव में सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इनमें सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के छह उम्मीदवार और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के उम्मीदवार शरद पवार शामिल हैं।

चुनाव से पहले ही आ गए परिणाम

राज्यसभा की ये सात सीटें अप्रैल में खाली हो रही थीं। इन सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च थी, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 9 मार्च तय की गई थी। चूंकि सात सीटों के लिए केवल सात ही उम्मीदवार मैदान में थे, इसलिए सभी को बिना मुकाबले विजयी घोषित कर दिया गया। यदि सीटों की संख्या से अधिक उम्मीदवार होते, तो 16 मार्च को मतदान कराया जाता।

शरद पवार समेत ये नेता जा रहे राज्यसभा

सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की ओर से केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, भाजपा महासचिव विनोद तावड़े, भाजपा के रामराव वडकुते और माया इवनाते को राज्यसभा भेजा गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की ज्योति वाघमारे भी निर्विरोध चुनी गईं। वहीं अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी की ओर से पार्थ पवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।

रामराव वडकुते मराठवाड़ा क्षेत्र के हटकड़ समुदाय से आते हैं और एक समय अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में रहते हुए शरद पवार के करीबी माने जाते थे। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। वहीं माया इवनाते नागपुर की पूर्व महापौर रह चुकी हैं और आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं।

विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी की ओर से एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार को राज्यसभा भेजा गया है। उनके निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही राज्यसभा में उनकी मौजूदगी एक बार फिर कायम रहेगी।

पवार परिवार के दो सदस्य राज्यसभा सांसद

इस चुनाव के साथ ही पवार परिवार के दो सदस्य राज्यसभा सांसद बन गए हैं। पार्थ पवार की मां सुनेत्रा पवार पहले से ही राज्यसभा सांसद हैं और फिलहाल महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री भी हैं। हालांकि नियमों के अनुसार उन्हें मंत्री पद पर बने रहने के लिए राज्य विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना होगा।

इस तरह महाराष्ट्र की सातों राज्यसभा सीटों पर बिना किसी मुकाबले के उम्मीदवारों का निर्वाचन हो गया और राज्यसभा चुनाव में मतदान की जरूरत नहीं पड़ी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article