शहर

युवा शक्ति को नजरअंदाज नहीं कर सकते...जंतर-मंतर की लड़ाई का नतीजा है धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा : शरद पवार

शरद पवार ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर नई पीढ़ी के साथियों ने जो लड़ाई लड़ी, उसमें शिक्षा मंत्री का इस्तीफा आने के बाद यह बात साफ हो गई है कि उन्हें कामयाबी मिल गई है।

Image

एनसीपी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार

दिल्ली के जंतर-मंतर से नीट पेपर लीक मुद्दे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर उठी आवाज को आज बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार की दोपहर प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। इसे रिजाइन को छात्रों की जीत कहा जा रहा है। लगातार विपक्ष के नेता इसे युवाओं की जीत बता रहे हैं। इस बीच एनसीपी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि सवाल किसी एक व्यक्ति का नहीं है, बल्कि शिक्षा क्षेत्र में जो कुछ गलत चीजें आ रही थीं, उनका है। शिक्षा क्षेत्र में जो परीक्षाएं होती हैं, जिनमें लाखों लड़के-लड़कियां शामिल होते हैं, अगर उस परीक्षा प्रक्रिया में सुधार नहीं होगा और वहां भ्रष्टाचार होगा, तो इसकी जबरदस्त कीमत नई पीढ़ी को चुकानी पड़ती है।

ऐसे में उनके मन में निराशा पैदा होती है। उन्होंने (छात्रों ने) इस मुद्दे को संसद के अंदर और बाहर कई बार उठाया, लेकिन भारत सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। आखिरकार, जो संघर्ष करने की तैयारी नई पीढ़ी ने की और भारत सरकार ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया था, तो सरकार को यह अंदाजा हो गया कि अगर हम कल वाली राह पर ही चलते रहे, तो हमें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

सरकार को झुकना पड़ा-शरद

इसलिए, छात्रों और उनके नेताओं के साथ जो संवाद हुआ, उसमें शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, जिस पर सरकार बात करने को तैयार नहीं थी, अंततः उन्हें करना पड़ा। सरकार को भी यह संदेश मिला है कि इस नई पीढ़ी ने, जो इसमें शामिल हुई, जबरदस्त एकता दिखाई है। मैं उनका अभिनंदन करता हूँ। और इससे, पुलिस बल या कोई भी लोकतांत्रिक आंदोलन हो, सरकार उसके प्रति समझदारी से व्यवहार करेगी, ऐसी उम्मीद हम भारत सरकार से करते हैं।

प्रधानमंत्री जी से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि "यही बात हुई। दूसरी बात किसानों की हुई थी, क्योंकि मैंने उनके सामने यह बात रखी कि महाराष्ट्र में हर तीन घंटे में एक किसान आत्महत्या करता है। विदर्भ और मराठवाड़ा में इस दौरान 2700 से अधिक किसानों ने अपनी जान गंवाई है। इसके लिए इसे नजरअंदाज न करें, यह गंभीर बात है, वे अन्नदाता हैं। उनका इस रास्ते पर जाना किसी सरकार के लिए शोभा नहीं देता।"

12 साल के कार्यकाल में पहला इस्तीफा है, क्या सरकार छात्रों के सामने झुक गई है?

इस पर उन्होंने कहा कि यकीनन यह युवा शक्ति है, इसे हम नजरअंदाज नहीं कर सकते, यह बात भारत सरकार ने स्वीकार की है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article