PM Modi in Rajya Sabha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अप्रैल से जुलाई के बीच राज्यसभा से सेवानिवृत्त होने वाले 37 सदस्यों के प्रति सम्मान जतात हुए संसद को "खुला विश्वविद्यालय" बताया। उन्होंने निवर्तमान सांसदों से राष्ट्रीय जीवन में योगदान जारी रखने का आग्रह किया। द्विवार्षिक विदाई समारोह के अवसर पर उच्च सदन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे क्षण स्वाभाविक रूप से पक्षपातपूर्ण मतभेदों को मिटा देते हैं। हम सभी के भीतर एक साझा भावना उभरती है - यह अहसास कि हमारे साथी अब अन्य कार्यों को करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
राजनीति में कोई विराम नहीं होता
जो सदस्य दोबारा संसद में नहीं लौटना चाहते, उन्हें प्रधानमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा, राजनीति में कोई विराम नहीं होता। भविष्य आपका भी इंतजार कर रहा है और आपका अनुभव हमारे राष्ट्रीय जीवन का एक अभिन्न अंग बना रहेगा। पीएम मोदी ने तीन वरिष्ठ नेताओं - पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और एनसीपी प्रमुख शरद पवार की विशेष रूप से प्रशंसा की और उन्हें ऐसे दिग्गज बताया जिन्होंने अपने जीवन का आधा से अधिक समय संसदीय कार्यवाही में व्यतीत किया है।
उन्होंने कहा- जिस समर्पण के साथ वे सदन में उपस्थित होते रहते हैं, वह वास्तव में अनुकरणीय है – एक ऐसी भावना जिससे सभी नए सांसदों को सीखना चाहिए। प्रधानमंत्री ने निवर्तमान उपसभापति हरिवंश को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र और मृदुभाषी और कठोर कर्मठ व्यक्ति बताया। उन्होंने जिक्र किया कि हरिवंश अवकाश के दौरान भी देश भर में यात्रा करते रहे और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर युवाओं से संवाद करते रहे।
सभी सांसदों का उत्तम योगदान है
पीएम मोदी ने कहा, इस सदन में जो भी सदस्य विदाई ले रहे हैं कुछ सदस्य ऐसे हैं जिनको सदन के दरमियान ही विदाई मिल रही है। जाने वाले सभी सांसदों का उत्तम योगदान है। मैं कहूंगा आदरणीय देवेगौड़ा जी, खरगे जी, शरद पवार जी जिनके जीवन का आधे से अधिक उम्र संसदीय कार्य प्रणाली में गई है।
पीएम ने की अठावले की तारीफ
हल्के-फुल्के अंदाज में मोदी ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का विशेष रूप से जिक्र किया। हमारे अठावले जी सचमुच सदाबहार हैं। उन्होंने कहा, जिस पर सदन में हंसी गूंज उठी। वे जा रहे हैं, लेकिन मुझे विश्वास है कि किसी को भी उनकी कमी महसूस नहीं होगी – वे अथक रूप से सेवा करते रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कभी-कभी हम सुनते थे कि सदन में हास्य और व्यंग्य के लिए बहुत अवसर हैं। इन दिनों, शायद यह धीरे-धीरे कम हो रहा है... लेकिन हमारे अठावले जी सदाबहार हैं। अठावले जी हमें छोड़कर जा रहे हैं, लेकिन यहां किसी को भी उनकी कमी महसूस नहीं होगी। मुझे पूरा विश्वास है कि वे भरपूर मात्रा में व्यंग्य और हास्य प्रस्तुत करते रहेंगे।
खरगे ने क्या-क्या कहा
वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, राजनीति और सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोग देश की सेवा करने के जुनून के कारण न तो थकते हैं और न ही सेवानिवृत्त होते हैं।
देवेगौड़ा पर कहा- मोहब्बत हमसे, शादी मोदी साहब के साथ...
पूर्व प्रधानमंत्री और राज्यसभा सांसद एचडी देवेगौड़ा पर खरगे ने कहा, मैं देवेगौड़ा जी को 54 साल से अधिक समय से जानता हूं और मैंने उनके साथ बहुत काम किया। बाद में, मुझे नहीं पता कि क्या हुआ...'वो मोहब्बत हमारे साथ किए, शादी मोदी साहब के साथ'..."
