देश

क्या कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं शरद पवार के पोते रोहित? भाजपा नेता के दावे के बाद गर्मायी सियासत

Rohit Pawar News: भाजपा नेता के राकांपा (शप) विधायक रोहित पवार को लेकर किए गए चौंकाने वाले दावे के बाद सियासत तेज हो गई है। दरअसल, भाजपा नेता ने दावा किया कि रोहित पवार कांग्रेस में जा सकते हैं।

Image

राकांपा (शप) के विधायक रोहित पवार (फाइल फोटो)

Rohit Pawar News: भाजपा के विधान परिषद सदस्य (MLC) परिणय फुके ने गुरुवार को दावा किया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार कांग्रेस में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं और उन्होंने महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले को ''खुश करने'' के लिए भंडारा-गोंदिया का दौरा किया था। इस पर पवार ने पलटवार करते हुए फुके पर कथित भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

क्या ताई और रोहित के संबंधों में आई खटास?

फुके ने कहा कि राकांपा (शप) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के साथ पवार के संबंध खराब हो गए हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उनके खिलाफ हैं। फुके ने कहा, ''दरअसल, मुझे लगता है कि राकांपा (शप) में उनके और सुप्रिया ताई के बीच चीजें ठीक नहीं चल रही हैं। वह हमेशा सुप्रिया ताई से उलझते रहते हैं और इसी वजह से राकांपा (शप) के वरिष्ठ नेता रोहित पवार के खिलाफ हैं। मुझे लगता है कि रोहित पवार कांग्रेस में शामिल होने के बारे में सोच रहे हैं।'' विधान परिषद सदस्य ने दावा किया, ''इसीलिए उन्होंने नाना पटोले को खुश करने के लिए भंडारा-गोंदिया का दौरा किया।''

पवार ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

पवार ने फुके के आरोपों पर पलटवार करते हुए उनसे ''बेबुनियाद'' दावे करने के बजाय किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने दावा किया कि सरकार द्वारा कर्ज माफी की घोषणा किए जाने के बाद फुके ने पहले कहा था कि धान पर बोनस नहीं दिया जा सकता। पवार ने कहा, ''मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि मेरी चिंता मत कीजिए। बात सीधी है, परिणय फुके, लोग जानते हैं कि आप मुख्यमंत्री के करीबी हैं। लेकिन आप इस नजदीकी का इस्तेमाल किस लिए करते हैं?''

अहिल्यानगर जिले की करजत-जामखेड विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले पवार ने आरोप लगाया कि फुके ने ''मुख्यमंत्री से अपनी नजदीकी'' का इस्तेमाल विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई कराने और अवैध रेत कारोबार में कथित रूप से शामिल भाजपा पदाधिकारियों को बचाने के लिए किया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article