अमित शाह

अमित शाह 2019 से देश के गृह मंत्री हैं। शाह 2014 से 2020 तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव में वह गांधीनगर सीट से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे। जबकि साल 2017 में वह गुजरात से चुनकर राज्यसभा भेजे गए। शाह भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी हैं। अपने कॉलेज के दिनों में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्य थे। आगे चलकर 1987 में वह भाजपा में शामिल हो गए। गुजरात में शाह पहली बार 1997 में अहमदाबाद, सारखेज सीट से विधायक बने। इस सीट से वह 2007 तक जीतते रहे। साल 2012 में वह नारनपुरा सीट से विजयी हुए। मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी होने के नाते राज्य सरकार में इनके पास अहम मंत्रालय थे। 2014 के आम चुनाव में भाजपा ने अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा पार किया।

पार्टी की इस जीत में अमित शाह की प्रमुख भूमिका रही। उत्तर प्रदेश जैसे अहम राज्य में शाह की मेहनत रंग लाई और यहां पार्टी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 80 में से 73 सीटों पर जीत दर्ज की। इस जीत के बाद पार्टी में शाह का कद काफी बड़ा हो गया। इसके बाद उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। अध्यक्ष बनने के बाद शाह की रणनीति के चलते भाजपा को कई राज्यों में सरकार बनाने का मौका मिला। शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में हुआ। शाह कारोबारी परिवार से आते हैं। इन्होंने मेहसाणा के स्कूल से पढ़ाई की। आगे बॉयो केमेस्ट्री की पढ़ाई करने के लिए वह अहमदाबाद आ गए। अमित शाह ने बॉयोकेमेस्ट्री में बीएससी की डिग्री हासिल की। इसके बाद अपने पिता के कारोबार में हाथ बंटाने लगे। शाह ने अहमदाबाद के सहकारी बैंकों के लिए भी काम किया।