शहर

मध्यप्रदेश में दुग्ध क्रांति की तैयारी, 3 अक्टूबर को भोपाल में जुटेंगे 35 हजार से ज्यादा गौपालक

पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से आयोजित इस सम्मेलन को प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और सहकारी डेयरी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पशुपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली गौपालक दीदियों को सम्मानित किया जाएगा।

Image

मध्यप्रदेश में दुग्ध क्रांति की तैयारी

मध्यप्रदेश में डेयरी और पशुपालन क्षेत्र को नई गति देने के लिए 3 अक्टूबर को राजधानी भोपाल में बड़ा गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। भेल दशहरा मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता एवं गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सम्मेलन में प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गौपालकों के पहुंचने की संभावना है।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से आयोजित इस सम्मेलन को प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और सहकारी डेयरी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पशुपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली गौपालक दीदियों को सम्मानित किया जाएगा।

गौपालकों को मिलेंगे योजनाओं के लाभ

सम्मेलन के दौरान अमित शाह डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी हितग्राहियों को वितरित करेंगे। इसके साथ ही पशुपालन और डेयरी क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं की शुरुआत और आधारशिला रखे जाने का कार्यक्रम है।

केंद्रीय मंत्री उज्जैन में 3 लाख लीटर प्रतिदिन प्रसंस्करण क्षमता वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। वहीं भोपाल में तैयार 40 हजार लीटर उत्पादन क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन के भोपाल परिसर में स्थापित सहकारी क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का भी उद्घाटन होगा। शिवपुरी के मिनी डेयरी संयंत्र को भी कार्यक्रम के दौरान शुरू किया जाएगा।

दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा बोनस

गौपालक सम्मेलन में दुग्ध उत्पादकों के लिए भी अहम घोषणा होगी। अमित शाह भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि वितरित करेंगे। इससे दुग्ध उत्पादन से जुड़े किसानों और पशुपालकों को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा।

गौशालाओं के लिए भी जारी होगी राशि

कार्यक्रम में प्रदेश की पंजीकृत और संचालित गौशालाओं को भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार जुलाई और अगस्त 2026 की अनुदान राशि का ऑनलाइन डीबीटी के जरिए वितरण करेगी। यह राशि गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के भोजन, रखरखाव और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर खर्च की जाएगी। सरकार के मुताबिक, अनुदान का उद्देश्य गौशालाओं में रखे गए गोवंश के समुचित भरण-पोषण और व्यवस्थापन को सुनिश्चित करना है।

डेयरी क्षेत्र में विस्तार पर जोर

भोपाल में होने वाला यह सम्मेलन पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और सहकारी डेयरी क्षेत्र को एक मंच पर लाने के साथ-साथ नई परियोजनाओं और योजनाओं को गति देने पर केंद्रित रहेगा। सम्मेलन में डेयरी प्रसंस्करण, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन और सहकारिता से जुड़े कई कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की रूपरेखा भी सामने आ सकती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article