देश

जंतर-मंतर पर महिला प्रदर्शनकारियों से बदसलूकी का आरोप, राहुल गांधी का अमित शाह पर हमला- 'जवाब देना होगा'

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में पुलिस प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए। एक महिला पत्रकार ने जंतर-मंतर पर पुलिस अधिकारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया है।

Image

राहुल का अमित शाह पर निशाना

Photo : PTI

Rahul Gandhi vs Amit Shah: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं और पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से इस पूरे घटनाक्रम पर सीधा जवाब मांगा है। राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर कहा कि चूंकि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आती है, इसलिए इस दुर्व्यवहार की जिम्मेदारी गृह मंत्री को लेनी होगी।

राहुल गांधी ने उठाए गंभीर सवाल

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में पुलिस प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए। एक महिला पत्रकार ने जंतर-मंतर पर पुलिस अधिकारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। सैकड़ों पत्रकार सिर्फ इस मांग को लेकर घंटों से बैठे हैं कि FIR दर्ज की जाए। क्या यह पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य नहीं है? उन्होंने अब तक मामला तक दर्ज नहीं किया।

सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शनिवार को ही जंतर-मंतर से सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया। इस दौरान कैमरों को छीना गया, पत्रकारों को घसीटा गया और महिला प्रदर्शनकारियों से बदसलूकी की गई। दिल्ली भर में महिलाएं और छात्र अपनी सुरक्षा के डर से सत्याग्रह कर रहे हैं, लेकिन जिनकी जिम्मेदारी उनकी सुरक्षा की है, वही पुलिस उन पर हाथ उठा रही है। जो सरकार एक महिला की शिकायत दर्ज करने से भी डरती है, वह आखिर किसकी रक्षा कर रही है?

अमित शाह जी, आप कहां हैं?

राहुल गांधी ने सीधे तौर पर सवाल करते हुए लिखा, अमित शाह जी, आप कहां हैं? आपको इस बदसलूकी का जवाब देना ही होगा। छात्र संगठन AISA ने भी पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने भी दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए बयान जारी किया है। AISA का आरोप है कि प्रदर्शन स्थल पर पुरुष पुलिस अधिकारियों ने महिला प्रदर्शनकारियों, वकीलों और पत्रकारों से हाथापाई की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। संगठन ने कहा कि खुद को न्याय की रक्षक बताने वाली पुलिस भीड़ प्रबंधन के बुनियादी नियमों का भी पालन करने में नाकाम रही।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article