शहर

भोपाल में अमित शाह का बड़ा दौरा, 35 हजार से ज्यादा पशुपालकों से होंगे रूबरू, सांची डेयरी समेत कई बड़ी परियोजनाओं की देंगे सौगात

Amit Shah Bhopal Visit: भोपाल में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह का करीब 23 घंटे का दौरा कई अहम कार्यक्रमों और बड़ी घोषणाओं से जुड़ा होगा। वह 35 हजार से अधिक पशुपालकों के गोपालक सम्मेलन में शामिल होकर बोनस वितरण, पशुपालकों को वित्तीय स्वीकृति और डेयरी क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं की सौगात देंगे।

Image

भोपाल में अमित शाह का 23 घंटे का दौरा (फोटो- PTI)

Photo : PTI

Amit Shah Bhopal Visit: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह का भोपाल दौरा मध्य प्रदेश के सहकारिता नेटवर्क और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिहाज से एक नया मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। 23 घंटे के इस दौरे में गृहमंत्री न सिर्फ 35 हजार से अधिक पशुपालकों से सीधे रूबरू होंगे, बल्कि राज्य में डेयरी उद्योग और दुग्ध उत्पादन को नई दिशा देने वाली कई बड़ी सौगातों का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 2 अक्टूबर को लगभग रात को 9:00 बजे भोपाल पहुंचेंगे। यहां वह होटल ताज में रुकेंगे।

इसके बाद वह 3 अक्टूबर को लगभग रात को 8:00 बजे भोपाल से वापस रवाना होंगे। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय भव्य 'गोपालक सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेशभर से जुट रहे 35 हजार से अधिक पशुपालक और दुग्ध समितियों के सदस्य इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। इस अवसर पर सांची दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध किसानों को प्रोत्साहन राशि (बोनस) सीधे उनके खातों में अंतरित की जाएगी। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाली 'गोपालक दीदियों' को मंच से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के तहत पात्र पशुपालकों को वित्तीय स्वीकृति पत्र बांटे जाएंगे, जो ग्रामीण इलाकों में रोजगार और पशुधन संवर्धन को बल देंगे।

सांची को ₹16.80 करोड़ के अत्याधुनिक डेयरी प्लांट की सौगात

अमित शाह ₹16.80 करोड़ की लागत से तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।‌ यह प्लांट रोजाना 40,000 लीटर दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे वैल्यू-एडेड दुग्ध उत्पादों को प्रोसेस करने में सक्षम है। सांची अब फ्लेवर्ड मिल्क और फर्मेंटेड उत्पादों के जरिए बाजार में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करेगा। अमित शाह इसी मंच से उज्जैन में ₹255 करोड़ की लागत से बनने वाले मेगा डेयरी प्लांट और भोपाल में राज्य स्तरीय उच्च तकनीक दुग्ध गुणवत्ता जांच प्रयोगशाला का शिलान्यास करेंगे।

उच्च शिक्षा और नए कानूनों पर विशेष केंद्रित कार्यक्रम

सहकारिता के अलावा यह दौरा शिक्षा और कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से भी बेहद खास रहेगा। भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) में अमित शाह 'अत्रि परिसर' की आधारशिला रखेंगे और स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा भेल मैदान में नए भारतीय आपराधिक कानूनों (भारतीय न्याय संहिता) पर आधारित एक विशेष जागरूकता प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसका उद्घाटन गृहमंत्री द्वारा किया जाएगा।

अमित शाह के दौरे का राजनीतिक महत्व

इसके अलावा गृहमंत्री के दौरे का राजनीतिक महत्व भी समझा जा सकता है। हाल ही में राहुल गांधी दो बार मध्य प्रदेश का दौरा कर चुके हैं, इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भी उज्जैन में दौरा हो चुका है। ऐसे में अमित शाह का भोपाल दौरा यह बताने के लिए काफी है की राजनीतिक दलों के हाई कमान मध्य प्रदेश के राजनीति में अब सीधी रुचि ले रहे हैं।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article