Nasha Mukt Punjab Yatra: पंजाब में नशे की समस्या हमेशा से एक गंभीर और संवेदनशील मुद्दा रही है। इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यभर में चलाई गई 13 दिवसीय 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का बुधवार को जालंधर में भव्य समापन हुआ। जालंधर के परागपुर गांव में आयोजित समापन समारोह और जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार और भगवंत मान पर सीधा हमला बोला और राज्य को पूरी तरह ड्रग्स फ्री बनाने का संकल्प दोहराया।
अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब में किसानों के मुद्दे, कानून-व्यवस्था, उद्योग और महिलाओं की सुरक्षा जैसे कई महत्वपूर्ण विषय हैं। लेकिन भाजपा आने वाला विधानसभा चुनाव मुख्य रूप से पंजाब को नशा मुक्त बनाने के वादे पर लड़ेगी। उन्होंने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि 'आप' के शासनकाल में सिंथेटिक ड्रग्स और चिट्टे का काला कारोबार खुलेआम फला-फूला है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'सपा के 25 विधायक हमारे संपर्क में', राज्यसभा चुनाव से पहले केशव मौर्य का बड़ा दावा; बोले- 'भानुमति का कुनबा' बिखरा
31 दिसंबर 2029 पूरे राज्य से सिंथेटिक ड्रग्स के नेटवर्क का होगा खात्मा-शाह
गृह मंत्री ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगर पंजाब के लोग चुनाव में कमल का बटन दबाकर भाजपा को मौका देते हैं, तो 31 दिसंबर 2029 तक पूरे राज्य से सिंथेटिक ड्रग्स के नेटवर्क को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कश्मीर से आतंकवाद का सफाया किया, नक्सलवाद की समस्या को खत्म किया और पूर्वोत्तर में शांति कायम की। अब समय आ गया है कि पंजाब को भी इस घातक नशे के जाल से पूरी तरह आजादी दिलाई जाए।
18 सितंबर को पठानकोट से शुरू हुई थी नशा मुक्त यात्रा
बता दें कि 'भाजपा का नारा, नशा खत्म करना है सारा' के संदेश के साथ यह यात्रा 18 सितंबर को पठानकोट से शुरू हुई थी। यात्रा प्रभारी राजेश बाघा के अनुसार, पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब, तलवंडी साबो और फाजिल्का से निकली चार अलग-अलग यात्राओं ने राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया। लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए यह यात्रा जालंधर पहुंची, जहां एक बड़े सियासी संदेश के साथ इसका समापन हुआ।
