देश

डीजल को टक्कर देने आ रही देश की पहली LNG ट्रेन, 27 सितंबर को अमित शाह करेंगे लॉन्च, जानें खासियतें

LNG के इस्तेमाल से डीजल की खपत कम होगी। इसके साथ ही CO₂, NOx और पार्टिकुलेट मैटर जैसे प्रदूषकों के उत्सर्जन में भी कमी आने की संभावना है। रेलवे इसे स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल रेल परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहा है।

Image

देश की पहली LNG ट्रेन। (फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत)

भारतीय रेलवे स्वच्छ और वैकल्पिक ईंधन की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। हाइड्रोजन के बाद अब देश को पहली LNG संचालित ट्रेन 27 सितंबर को मिलने जा रही है। साबरमती स्टेशन पर जब इसकी लॉन्चिंग होगी उस वक्त केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। बता दें कि भारतीय रेलवे के इतिहास में यह पहली बार है, जब ट्रेन के ड्राइविंग पावर कार (DPC) में LNG आधारित ड्यूल-फ्यूल सिस्टम लगाया गया है।

इस तकनीक की खासियत यह है कि एक ही इंजन LNG और डीजल दोनों ईंधन से चल सकेगा। यानी LNG उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में ट्रेन को डीजल से भी संचालित किया जा सकेगा।

1400 HP के दो DPC में बदली गई तकनीक

इस परियोजना के तहत 1400 हॉर्स पावर क्षमता वाले दो DPC को LNG ड्यूल-फ्यूल सिस्टम में बदला गया है। दोनों DPC पर 2,000 किलोमीटर से अधिक का सफल फील्ड ट्रायल पूरा किया जा चुका है। ट्रायल के दौरान सिस्टम की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता का परीक्षण किया गया।

डीजल की खपत और प्रदूषण कम करने की उम्मीद

रेलवे के मुताबिक LNG के इस्तेमाल से डीजल की खपत कम होगी। इसके साथ ही CO₂, NOx और पार्टिकुलेट मैटर जैसे प्रदूषकों के उत्सर्जन में भी कमी आने की संभावना है। रेलवे इसे स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल रेल परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहा है।

हर साल करीब 23.9 लाख रुपये की ईंधन बचत का अनुमान

ट्रायल के दौरान मिले आंकड़ों के आधार पर LNG के इस्तेमाल से करीब 23.9 लाख रुपये सालाना ईंधन लागत की बचत का अनुमान लगाया गया है। LNG की कीमत डीजल की तुलना में कम होने के कारण इसके आंशिक इस्तेमाल से ट्रेन के परिचालन खर्च को कम करने में मदद मिलेगी।
bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article