अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समय एशिया के दौरे पर हैं। एशिया दौरे के दौरान वे सबसे पहले 17 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे थे। जहां उन्होंने आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लिया और इससे इतर कुछ देशों के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी की। अपने इस एक दिवसीय दौरे के दौरान फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने उनकी खूब खातिरदारी की। इस दौरान मार्कोस ने कुछ ऐसा किया, जिसकी चर्चा अब चारों ओर हो रही है।
दरअसल, ट्रंप 17 नवंबर को मनीला पहुंचे थे फिर वे यहां एक रात रुके और 18 नवंबर को उन्होंने कई नेताओं के साथ वार्ता की, फिर यहीं से वे चीन के शेन्जेन निकल गए। इस एक दिवसीय दौरे के दौरान फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने उनके लिए देर रात एक खास तोहफा भिजवाया था। हालांकि ये कोई खास गिफ्ट या कोई महंगा आभूषण नहीं थास बल्कि देर रात भिजवाया गया खास तोहफा फिलीपींस की मशहूर फॉस्ट फूड चेन 'जोलीबी' का फ्राइड चिकन था। मार्कोस जूनियर ने खुद इस बारे में ट्रंप को बताया कि उन्होंने उनके और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए खासतौर पर इस चिकन को भिजवाया था, जिससे ट्रंप मनीला के असली स्वाद का मजा ले सकें।
इस पूरे वाकये में मजेदार बात यह रही कि जब मार्कोस जोलोबी के खास चिकन के बारे में ट्रंप को बता रहे थे, तब उन्होंने अपने देश के फूड ब्रांड की तारीफ करते हुए ये तक कह डाला कि अमेरिका में लोकप्रियता के मामले में जोलीबी ने KFC को भी पीछे छोड़ दिया है। उनकी यह बात सुनकर ट्रंप भी हैरान रह गए और उन्होंने इसे शानदार करार दिया।
ट्रंप के लिए क्यों आधी रात को भिजवाया चिकन?
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने बुधवार को ट्रंप के साथ मुलाकात के दौरान इस खास इंतजाम का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए देर रात जोलीबी के फ्राइड चिकन की डिलीवरी कराई गई थी। मार्कोस ने कहा कि ट्रंप काफी व्यस्त कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे और लगातार काम कर रहे थे। ऐसे में उन्होंने सोचा कि उन्हें कुछ ऐसा दिया जाए, जिससे उन्हें अतिरिक्त ऊर्जा मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि ट्रंप के साथ उनके स्टाफ ने भी इस खास खाने का स्वाद लिया होगा।आखिर क्या है जोलीबी, जिसकी फिलीपींस में इतनी दीवानगी है?
जोलीबी की अगर बात करें तो यह फिलीपींस की सबसे बड़ी घरेलू फास्ट फूड चेन है। इसकी शुरुआत 1970 के दशक में हुई थी। अपनी स्थापना के समय में जोलीबी मनीला में एक छोटी आइसक्रीम की दुकान थी। बाद में इसने गर्मागर्म खाना परोसना शुरू किया और धीरे-धीरे यह फिलीपींस के सबसे लोकप्रिय फूड ब्रांड्स में शामिल हो गई। इसकी सबसे मशहूर डिश 'चिकनजॉय' फ्राइड चिकन है। इसके अलावा यहां बर्गर, फ्राइज और फिलीपीनी अंदाज में मीठी सॉस वाली स्पेगेटी भी मिलती है। जोलीबी का दावा है कि दुनियाभर के 17 देशों में इसके 1,600 से ज्यादा आउटलेट हैं। अमेरिका में भी इसके 85 से अधिक स्टोर खुल चुके हैं या खुलने की तैयारी में हैं।KFC को पीछे छोड़ने का भी किया दावा
ट्रंप के सामने अपने देश के फूड ब्रांड की तारीफ करते हुए मार्कोस ने कहा कि जोलीबी अमेरिका में लोकप्रियता के मामले में KFC से आगे निकल चुका है। उन्होंने इसे फिलीपींस के लिए गर्व की बात बताया।जब खाने के जरिए होती है देशों के बीच कूटनीति
जोलीबी का इस्तेमाल सिर्फ फास्ट फूड ब्रांड के तौर पर ही नहीं, बल्कि फिलीपींस की सांस्कृतिक पहचान के रूप में भी किया जाता है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भी मनीला यात्रा के दौरान जोलीबी के एक रेस्तरां का दौरा किया था। वहीं, जुलाई में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और मार्कोस ने वैंकूवर के एक जोलीबी आउटलेट में कंपनी के कर्मचारियों और उसके शुभंकर के साथ तस्वीरें खिंचवाई थीं।इस तरह ट्रंप के लिए देर रात भेजा गया फ्राइड चिकन महज खाने का तोहफा नहीं था। इसके जरिए फिलीपींस ने अपने लोकप्रिय ब्रांड और सांस्कृतिक पहचान को दुनिया के सबसे चर्चित नेताओं में से एक के सामने पेश किया। इसे ही दिलचस्प अंदाज में 'जोलीबी डिप्लोमेसी' कहा जा रहा है।
