टेक एंड गैजेट्स

Google Maps से चेक करें अपने इलाके का AQI, जानें कितनी प्रदूषित है आपके शहर की हवा

Google Maps में 'एयर क्वालिटी लेयर' नाम का एक खास फीचर दिया गया है। इसकी मदद से आप किसी भी इलाके में प्रदूषण का स्तर जान सकते हैं और उसी के हिसाब से बाहर जाने की योजना बना सकते हैं।

Image

गूगल अपने मैप में कई तरह के काम के फीचर्स देता है।

सर्दियों का मौसम आते ही उत्तर भारत के कई शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ने लगता है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे शहरों में हवा की गुणवत्ता काफी खराब हो जाती है। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। हवा में प्रदूषण बढ़ने के कई कारण हैं। इनमें गाड़ियों से निकलने वाला धुआं, फैक्ट्रियों का प्रदूषण, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और मौसम में बदलाव शामिल हैं। ठंड के मौसम में कई बार प्रदूषित हवा जमीन के आसपास ही जमा हो जाती है, जिससे प्रदूषण और बढ़ जाता है।

ऐसे में घर से बाहर निकलने से पहले अपने इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) चेक करना जरूरी है। अच्छी बात यह है कि आप गूगल मैप्स की मदद से भी अपने आसपास की हवा की गुणवत्ता आसानी से देख सकते हैं।

गूगल मैप्स में 'एयर क्वालिटी लेयर' नाम का एक खास फीचर दिया गया है। इसकी मदद से आप किसी भी इलाके में प्रदूषण का स्तर जान सकते हैं और उसी के हिसाब से बाहर जाने की योजना बना सकते हैं।

क्या है गूगल मैप्स का एयर क्वालिटी फीचर?

गूगल मैप्स का एयर क्वालिटी फीचर आपको किसी इलाके की हवा कितनी साफ या प्रदूषित है, इसकी जानकारी देता है। इस फीचर में मैप पर अलग-अलग रंगों के जरिए AQI दिखाया जाता है। इससे आपको आसानी से पता चल जाता है कि किस इलाके में हवा की स्थिति अच्छी है और कहां प्रदूषण ज्यादा है।

गूगल अलग-अलग देशों में एयर क्वालिटी की जानकारी देने के लिए कई सरकारी और अन्य डेटा स्रोतों का इस्तेमाल करता है। उदाहरण के लिए, अमेरिका में यह जानकारी एनवायर्नमेंटल प्रोटेक्शन एजेंसी (EPA) और PurpleAir जैसे एयर क्वालिटी सेंसर से ली जाती है। यह सुविधा 40 से ज्यादा देशों में उपलब्ध है। यानी आप भारत के अलावा बीजिंग और न्यूयॉर्क जैसे शहरों की हवा की गुणवत्ता भी चेक कर सकते हैं।

एयर क्वालिटी फीचर आपके किस काम आएगा?

  • सुबह टहलने या बाहर एक्सरसाइज करने से पहले हवा की गुणवत्ता जानना।
  • घर से बाहर निकलने या कहीं घूमने जाने से पहले प्रदूषण का स्तर चेक करना।
  • सर्दियों में स्मॉग और धुंध के दौरान AQI पर नजर रखना।
  • बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी परेशानी वाले लोगों के लिए सावधानी बरतना।
  • यह तय करना कि बाहर जाते समय मास्क पहनना चाहिए या नहीं।

फोन पर गूगल मैप्स से AQI कैसे चेक करें?

  • अगर आप अपने मोबाइल पर हवा की गुणवत्ता देखना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें।
  • सबसे पहले अपने एंड्रॉयड फोन या आईफोन में गूगल मैप्स ऐप खोलें। बेहतर होगा कि आप ऐप को अपडेट कर लें।
  • अब सर्च बॉक्स में अपने शहर, इलाके या किसी खास जगह का नाम लिखें। आप चाहें तो अपनी मौजूदा लोकेशन देखने के लिए लोकेशन बटन पर भी टैप कर सकते हैं।
  • मैप खुलने के बाद स्क्रीन पर दिए गए 'Layers' यानी लेयर्स आइकन पर टैप करें। यह आइकन आमतौर पर चौकोर बॉक्स जैसा दिखाई देता है।
  • लेयर्स के विकल्प में आपको 'Air Quality' का ऑप्शन दिखाई देगा। इस पर टैप करते ही मैप पर आपके इलाके की हवा की गुणवत्ता दिखने लगेगी।

अब मैप पर अलग-अलग रंग दिखाई देंगे। ये रंग बताते हैं कि संबंधित इलाके में हवा कितनी साफ या प्रदूषित है। आप किसी जगह या एयर क्वालिटी स्टेशन के बबल पर टैप करके वहां की AQI रीडिंग और दूसरी जानकारी भी देख सकते हैं।

  • Green: हवा की गुणवत्ता अच्छी है।
  • Yellow: हवा की गुणवत्ता मध्यम है।
  • Orange: हवा संवेदनशील लोगों के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
  • Red: हवा की गुणवत्ता खराब है।
  • Purple: हवा की गुणवत्ता बहुत खराब है।
  • Maroon: प्रदूषण का स्तर खतरनाक है।

कंप्यूटर पर कैसे चेक करें एयर क्वालिटी?

  • अपने कंप्यूटर में ब्राउजर खोलें और maps.google.com पर जाएं।
  • सर्च बॉक्स में उस शहर या इलाके का नाम लिखें, जहां की हवा की गुणवत्ता जानना चाहते हैं।
  • मैप खुलने के बाद नीचे बाईं ओर दिए गए 'Layers' बटन पर क्लिक करें।
  • अब 'Air Quality' का विकल्प चुनें।
  • इसके बाद मैप पर उस इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स दिखाई देने लगेगा।

ध्यान रखें कि सिर्फ रंग देखकर ही हवा की स्थिति का अंदाजा न लगाएं। AQI का नंबर और उसके साथ दी गई कैटेगरी भी जरूर देखें। अलग-अलग देशों में एयर क्वालिटी मापने का तरीका थोड़ा अलग हो सकता है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article