टेक एंड गैजेट्स

AI आपकी नींद, हार्ट रेट, ब्लड टेस्ट और हेल्थ रिपोर्ट पर रखेगा नजर, Apple ने लॉन्च किया नया ऐप

Apple के मुताबिक, इस ऐप पर लोग अपनी रोजमर्रा की सेहत से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। उन्हें मेडिकल रिसर्च और भरोसेमंद स्वास्थ्य जानकारियों के आधार पर जवाब मिलेंगे। इतना ही नहीं, यूजर की अनुमति मिलने पर ऐप उनके Apple Health ऐप में मौजूद हेल्थ डेटा का भी इस्तेमाल कर सकेगा।

Image

एप्पल का यह नया ऐप आने वाले समय में मरीजों की बड़ी मदद कर सकता है।

पिछले कुछ समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल हमारी डेली रूटीन लाइफ में काफी तेजी से बढ़ा है। अब लोग एआई का इस्तेमाल सिर्फ प्रोफेशनल कामों को ही पूरा करने के लिए नहीं कर रहे बल्कि अब इससे पर्सनल सवाल भी पूछ रहे हैं। लोग अपनी सेहत से जुड़े सवालों के जवाब पाने के लिए AI चैटबॉट का इस्तेमाल खूब कर रहे हैं। चाहे किसी बीमारी के लक्षण समझने हों, ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट देखनी हो, नींद बेहतर करनी हो या फिटनेस से जुड़ी सलाह लेनी हो, लोग AI से मदद ले रहे हैं।

लेकिन AI से मिलने वाली हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। कई बार AI गलत जानकारी भी दे सकता है, जिससे लोगों की सेहत को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए Apple ने अमेरिका में अपना Apple Health AI Usage Study ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए कंपनी यह समझना चाहती है कि लोग सेहत से जुड़े सवालों के लिए AI का इस्तेमाल कैसे करते हैं और क्या AI उन्हें सही जानकारी देकर बेहतर फैसले लेने में मदद कर सकता है?

Apple के मुताबिक, इस ऐप पर लोग अपनी रोजमर्रा की सेहत से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। उन्हें मेडिकल रिसर्च और भरोसेमंद स्वास्थ्य जानकारियों के आधार पर जवाब मिलेंगे। इतना ही नहीं, यूजर की अनुमति मिलने पर ऐप उनके Apple Health ऐप में मौजूद हेल्थ डेटा का भी इस्तेमाल कर सकेगा।

इसमें हार्ट रेट, रोजाना की एक्टिविटी, नींद और ब्लड टेस्ट जैसी जानकारियां शामिल हो सकती हैं। जवाब के साथ मेडिकल रिसर्च के लिंक भी दिए जाएंगे, ताकि यूजर खुद भी जानकारी की सच्चाई जांच सकें।

कैसे काम करेगा AI Health Study ऐप?

इस ऐप पर यूजर अपनी सेहत से जुड़े आम सवाल पूछ सकेंगे और उन्हें मेडिकल रिसर्च के आधार पर जवाब मिलेंगे। खास बात यह है कि जवाब के साथ उन रिसर्च और मेडिकल स्टडी के लिंक भी होंगे, जिनके आधार पर जानकारी दी गई है। इसके लिए Apple ने OpenEvidence के साथ साझेदारी की है। OpenEvidence एक AI आधारित मेडिकल प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल डॉक्टर और दूसरे हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स मेडिकल जानकारी हासिल करने के लिए करते हैं।

यह प्लेटफॉर्म मेडिकल जर्नल और वैज्ञानिक रिसर्च के आधार पर जानकारी देता है। हालांकि, डॉक्टरों के लिए इसकी जानकारी थोड़ी तकनीकी भाषा में होती है। Apple अपनी तकनीक की मदद से इसी मेडिकल जानकारी को आसान भाषा में आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

इस ऐप की एक और खासियत यह होगी कि यह यूजर की अपनी हेल्थ रिपोर्ट और दूसरी जानकारियों को ध्यान में रखकर जवाब दे सकेगा। उदाहरण के लिए, अगर कोई यूजर अपने हार्ट रेट को बेहतर करने के तरीके पूछता है, तो ऐप उसकी खुद की हेल्थ रिपोर्ट और हार्ट रेट के आंकड़ों को देखकर सलाह दे सकता है। हालांकि, इसके लिए यूजर की अनुमति जरूरी होगी।

Apple AI की सलाह पर रिसर्च क्यों कर रही है?

आज बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य से जुड़े सवालों के लिए AI चैटबॉट पर भरोसा कर रहे हैं। लेकिन यहां एक बड़ी परेशानी है। AI भले ही सही जानकारी दे दे, लेकिन जरूरी नहीं कि आम इंसान उस जानकारी को ठीक से समझ पाए या उसके आधार पर सही फैसला ले सके।

रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी 2026 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की एक स्टडी में पाया गया कि मेडिकल मामलों से जुड़े सवालों पर AI चैटबॉट करीब 95 फीसदी तक सही जवाब दे सकते हैं। लेकिन जब आम लोगों से उन जवाबों को समझकर सही मेडिकल नतीजे तक पहुंचने को कहा गया, तो उनकी सफलता 35 फीसदी से भी कम रही। इससे पता चलता है कि सिर्फ AI का सही जवाब देना काफी नहीं है। लोगों का उस जवाब को समझना और सही तरीके से इस्तेमाल करना भी उतना ही जरूरी है।

Pew Research Center के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 35 फीसदी अमेरिकी वयस्क AI चैटबॉट का इस्तेमाल कर रहे हैं। 30 साल से कम उम्र के लोगों में यह आंकड़ा लगभग 50 फीसदी है। इसी वजह से Apple यह जानना चाहती है कि AI से मिलने वाली हेल्थ जानकारी लोग कितनी अच्छी तरह समझते हैं, उस पर कितना भरोसा करते हैं और क्या इससे उन्हें अपनी सेहत को लेकर बेहतर फैसले लेने में मदद मिलती है।

क्या AI ऐप मरीजों की मदद कर सकेगा?

Apple के इस स्टडी ऐप का एक बड़ा मकसद यह भी जानना है कि क्या AI लोगों को डॉक्टर के पास जाने से पहले बेहतर तैयारी करने में मदद कर सकता है। कई बार लोगों को अपनी हेल्थ रिपोर्ट में लिखी बातें समझ नहीं आतीं। उन्हें यह भी पता नहीं होता कि डॉक्टर से कौन से सवाल पूछने चाहिए।

ऐसे में AI ऐप उनकी हेल्थ रिपोर्ट और दूसरी जानकारियों को आसान भाषा में समझा सकता है। इससे लोग अपनी परेशानी को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे और डॉक्टर से मिलने पर सही सवाल पूछ सकेंगे। इस स्टडी में शामिल लोगों से ऐप के जवाबों पर फीडबैक भी लिया जाएगा। वे जवाबों को रेट कर सकेंगे और समय-समय पर सर्वे में हिस्सा लेकर अपना अनुभव बता सकेंगे।

इसमें शामिल होने के लिए कुछ जरूरी शर्तें रखी गई हैं

  • यूजर की उम्र कम से कम 21 साल होनी चाहिए।
  • उसके पास Apple Intelligence सपोर्ट करने वाला iPhone होना चाहिए।
  • इसमें iPhone 15 Pro और उसके बाद के मॉडल शामिल हैं।
  • फोन में iOS 26 या उससे नया सॉफ्टवेयर होना चाहिए।

जो लोग इन शर्तों को पूरा करते हैं, वे स्टडी के लिए बनाया गया ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें नियम और शर्तें समझकर अपनी सहमति देनी होगी। इसके बाद वे इस रिसर्च का हिस्सा बन सकते हैं। Apple का कहना है कि इस स्टडी का मकसद सिर्फ अपना नया प्रोडक्ट तैयार करना नहीं है। कंपनी इस रिसर्च से मिली जानकारी को भी लोगों के साथ साझा करना चाहती है, ताकि भविष्य में AI के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को बेहतर बनाया जा सके।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article