टेक एंड गैजेट्स

Telegram पर सरकार ने अस्थाई रूप से लगाई रोक, जानें क्यों उठाया गया ये बड़ा कदम?

पेपर लीक के मामले में अक्सर टेलीग्राम का नाम आता रहा है। साइबर क्रिमिनल्स की भी इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बेहद असानी से पहुंच रखते हैं। इन्ही सब वजहों को ध्यान में रखते हुए इस पर अस्थाई रोक लगाई गई है।

Image

नीट परीक्षा के बाद प्लेटफॉर्म पर लगी रोक हट जाएगी। (फोटो क्रेडिट-iStock)

अगर आप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम का इस्तेमाल कर रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। केंद्र सरकार की तरफ से टेलीग्राम पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी गई है। सरकार की तरफ से यह बड़ा फैसला RE-NEET Exam के चलते लिया है। Neet Exam 21 जून को आयोजित होने जा रही है और माना जा रहा है कि इसी को ध्यान में रखते हुए यह सुरक्षा कदम उठाया गया है।

आपको बता दें कि पेपर लीक के मामले में अक्सर टेलीग्राम का नाम आता रहा है। साइबर क्रिमिनल्स की भी इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बेहद असानी से पहुंच रखते हैं। कई बार गैर कानूनी गतिविधियों में भी इस ऐप की संलिप्तता पाई गई है। इन्ही सब वजहों को ध्यान में रखते हुए इस पर अस्थाई रोक लगाई गई है।

इस फीचर पर 30 जून तक लगी रोक

National Testing Agency (NTA) की सिफारिशों के आधार पर केंद्र सरकार की तरफ से फैसला लिया गया है। जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत 22 जून तक टेलीग्राम पर बैन लगाने का आदेश जारी किया गया है। इतना ही नहीं नीट पेपर को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के लिए सरकार ने ऐप के मैसेज एडिट फीचर को 30 जून तक संस्पेंड किया है।

मैसेज एडिट को डीसेबल करने के पीछे एक बड़ी वजह यह भी हो सकती है कि कई बार सबूत के तौर पर मैसेज की जरूरत पड़ती है। इसलिए इनको एडिट होने से बचाना जरूरी है। NTA के अनुसार, कुछ लोग परीक्षा खत्म होने के बाद पुराने चैट संदेशों में प्रश्नपत्र या फाइल जोड़कर यह दावा करते थे कि पेपर पहले ही लीक हो गया था। ऐसे नकली सबूतों और गलत दावों को रोकने के लिए Edit फीचर को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है।

टेलीग्राम पर ही क्यों रोक?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारत में जब इतने सारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस्तेमाल होते हैं तो फिर टेलीग्राम पर ही बैन क्यों लगाया है? आइए आपको इसके पीछे की कुछ बड़ी वजहों के बारे में बताते हैं।

  • टेलीग्राम पर अकाउंट बनाना काफी आसान है। कई देशों में वर्चुअल नंबर से भी अकाउंट बनाया जा सकता है।
  • टेलीग्राम पर आप हजारों लोगों के साथ एक बड़ा ग्रुप चैनल क्रिएट कर सकते हैं। इससे आप एक ही समय में कई सारे लोगों को मैसेज या फिर डॉक्यूमेंट ट्रांसफर कर सकते हैं।
  • इस प्लेटफॉर्म पर ऑटोमेशन और बॉट्स जैसी सुविधाएं मिलती है जिनका फायदा साइबर क्रिमिनल्स ऑटोमैटिक मैसेज भेजने में करते हैं।
  • टेलीग्राम में आपको मैसेज में एडिट का फीचर मिलता है। साइबर क्रिमिनल्स इसका इस्तेमाल परीक्षा के बाद पेपर लीक का दावा करते थे। यही वजह है कि अब इसके एडिट फीचर को डिसेबल कर दिया गया है।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article