YouTube इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ी खबर है। कंपनी अपने मोबाइल ऐप के डिजाइन में बड़ा बदलाव कर रही है। इस नए अपडेट के तहत ऐप के नीचे दिखने वाला पुराना Subscriptions टैब हटा दिया गया है। इसकी जगह अब यूजर्स को Home पेज के ऊपर एक नया विकल्प मिलेगा। यह बदलाव Android और iOS दोनों यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। कंपनी का मकसद ऐप को पहले से ज्यादा आसान बनाना और यूजर्स को उनकी पसंद के वीडियो तक पहुंचने के नए विकल्प देना है। हालांकि, इस बदलाव से उन लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है, जो रोजाना अपने पसंदीदा YouTube चैनलों के नए वीडियो देखने के लिए Subscriptions टैब का इस्तेमाल करते हैं।
अब ऐसा दिखेगा YouTube का नया डिजाइन
पहले YouTube ऐप के नीचे पांच विकल्प दिखाई देते थे। इनमें Home, Shorts, Create, Subscriptions और Profile शामिल थे। लेकिन नए अपडेट के बाद नीचे सिर्फ चार विकल्प रहेंगे। इनमें Home, Shorts, Create और Profile शामिल हैं। यानी Subscriptions का पुराना बटन अब नीचे नहीं दिखाई देगा। कंपनी ने इसे Home पेज के ऊपर नए टॉप बार में शिफ्ट कर दिया है। यहां Home के साथ Subs, Music और Live जैसे विकल्प दिखाई देंगे। Movies & TV का विकल्प भी कुछ योग्य यूजर्स को मिलेगा।
कहां मिलेगा अब Subscriptions का विकल्प?
अगर आप सोच रहे हैं कि अब अपने पसंदीदा चैनलों के वीडियो कैसे देखेंगे, तो इसके लिए आपको Home पेज पर जाना होगा। वहां ऊपर की तरफ Subs का विकल्प मिलेगा। हालांकि, नया टॉप मेन्यू ऐप खोलने के करीब दो सेकंड बाद अपने आप छिप सकता है। इसे दोबारा देखने के लिए Home फीड को नीचे की तरफ खींचना होगा। इसके बाद Subs पर टैप करके अपने सब्सक्राइब किए गए चैनलों के वीडियो देख सकते हैं।
अब बना सकेंगे अपनी पसंद का Custom Feed
YouTube नए अपडेट में Custom Feed का फीचर भी ला रहा है। इसकी मदद से यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से अलग-अलग वीडियो फीड बना सकेंगे। इसके लिए Home पेज के ऊपर दिए गए प्लस (+) बटन पर टैप करना होगा। यहां यूजर अपनी पसंद के विषय, चैनल या वीडियो के प्रकार के बारे में लिख सकता है। इसके बाद YouTube उसी हिसाब से वीडियो दिखाएगा। फ्री यूजर्स अधिकतम तीन Custom Feed बना सकेंगे, जबकि Premium यूजर्स के लिए यह सीमा आठ है।
Shorts को मिलेगा ज्यादा महत्व
नए डिजाइन में YouTube Shorts को ज्यादा जगह दी गई है। Home पेज पर Shorts की मौजूदगी बढ़ाई गई है। हालांकि, अगर आप कम Shorts देखना चाहते हैं तो तीन डॉट वाले मेन्यू में जाकर Show fewer Shorts का विकल्प चुन सकते हैं। इससे Home पेज पर Shorts की संख्या कम दिखाई जाएगी।
कंपनी का यह नया अपडेट Android और iOS यूजर्स के लिए धीरे-धीरे जारी किया जा रहा है। ऐसे में सभी यूजर्स को यह बदलाव एक साथ दिखाई देना जरूरी नहीं है।
