अगर आप फिल्मों और वेब सीरीज देखने के शौकीन हैं और अलग-अलग OTT प्लेटफॉर्म का सब्सक्रिप्शन लेने पर ज्यादा पैसे खर्च नहीं करना चाहते तो Vodafone Idea यानी Vi का नया प्लान आपके काम आ सकता है। कंपनी ने अपने यूजर्स के लिए सिर्फ 35 रुपये का नया रीजनल OTT ऐड-ऑन पैक लॉन्च किया है। इसमें यूजर्स को छह रीजनल OTT प्लेटफॉर्म में से अपनी पसंद के कोई भी दो प्लेटफॉर्म चुनने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि इन दोनों प्लेटफॉर्म पर 28 दिनों तक कंटेंट देखा जा सकेगा। इसके अलावा कंपनी इस पैक में 1GB इंटरनेट डेटा भी दे रही है।
छह OTT प्लेटफॉर्म में से चुन सकेंगे दो
Vi के इस 35 रुपये वाले पैक में SonyLIV South, Chaupal, ManoramaMAX, KLiKK, AddaTimes और Aao NXT जैसे छह प्लेटफॉर्म शामिल हैं। यूजर्स इनमें से अपनी पसंद के कोई भी दो OTT प्लेटफॉर्म चुन सकते हैं। इन प्लेटफॉर्म पर कुल 9 भारतीय भाषाओं में फिल्में, टीवी शो और वेब सीरीज देखने का मौका मिलेगा। यानी अगर आप हिंदी के अलावा दूसरी क्षेत्रीय भाषाओं का कंटेंट देखना पसंद करते हैं तो यह प्लान आपके लिए उपयोगी हो सकता है।
किस OTT पर किस भाषा का मिलेगा कंटेंट?
इस पैक में शामिल SonyLIV South पर तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा का कंटेंट मिलेगा। वहीं Chaupal पर पंजाबी, हरियाणवी और भोजपुरी फिल्मों व शोज का आनंद ले सकते हैं। ManoramaMAX पर मलयालम कंटेंट उपलब्ध है। इसके अलावा KLiKK और AddaTimes पर बंगाली भाषा की फिल्में और कार्यक्रम देखे जा सकते हैं। वहीं Aao NXT ओड़िया भाषा के मनोरंजन से जुड़ा प्लेटफॉर्म है। यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से दो अलग-अलग प्लेटफॉर्म भी चुन सकते हैं।
28 दिन OTT और 7 दिन की डेटा वैलिडिटी
इस प्लान में मिलने वाले दोनों फायदे की वैलिडिटी अलग-अलग है। 35 रुपये के रिचार्ज पर मिलने वाला 1GB डेटा सिर्फ 7 दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकेगा। वहीं चुने गए दोनों OTT प्लेटफॉर्म का एक्सेस 28 दिनों तक मिलेगा। ध्यान रखें कि यह 1GB रोजाना मिलने वाला डेटा नहीं, बल्कि कुल डेटा है। इसके अलावा यह मोबाइल ओनली पैक है, यानी OTT कंटेंट देखने के लिए Vi Movies & TV ऐप का इस्तेमाल करना होगा।
कैसे एक्टिवेट करें यह प्लान?
इस प्लान का फायदा लेने के लिए आपके Vi नंबर पर पहले से कोई एक्टिव सर्विस वैलिडिटी वाला रिचार्ज होना जरूरी है। इसे Vi ऐप या दूसरे अधिकृत रिचार्ज प्लेटफॉर्म से खरीदा जा सकता है। रिचार्ज करने के बाद Vi Movies & TV ऐप में अपने मोबाइल नंबर से लॉगइन करें। इसके बाद अपनी पसंद के दो OTT प्लेटफॉर्म चुनकर उनका कंटेंट देख सकते हैं।
