टेक एंड गैजेट्स

Online Smart TV खरीदते समय इन चीजों को चेक करना ना भूलें, नहीं तो बाद में पछताते रह जाएंगे

स्मार्ट टीवी कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे हर छह महीने में बदला जाए। इसलिए, नया टीवी खरीदते समय कुछ बेहद महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि आपकी मेहनत की कमाई बर्बाद न हो।

Image

स्मार्ट टीवी की खरीदारी के समय आपको कई सारे फीचर्स को चेक करना चाहिए। (फोटो क्रेडिट-iStock)

आजकल बाजार में स्मार्ट टीवी के बहुत सारे ऑप्शन मौजूद हैं। आपको बजट से लेकर प्रीमियम सेगमेंट तक में कई सारे दमदार स्मार्ट टीवी मिल जाते हैं। हालांकि जब एक परफेक्ट स्मार्ट टीवी खरीदने की बात आती है तो बहुत ज्यादा ही कंफ्यूजन होता है। अक्सर लोग खरीदारी करते समय ध्यान नहीं देते और बाद में पछताते रहते हैं। घर आकर लोगों को पता चलता है कि जो फीचर वो चाह रहे थे वो उस टीवी में है ही नहीं जिसे उन्होंने खरीदा है। आपके साथ कभी ऐसा न हो इसलिए आज की खबर काफी काम की होने वाली है।

स्मार्ट टीवी पर हम एक मोटी रकम खर्च करते हैं और यह कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे हर छह महीने में बदला जाए। इसलिए, नया टीवी खरीदते समय कुछ बेहद महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि आपकी मेहनत की कमाई बर्बाद न हो।

सिर्फ बड़े साइज पर ना जाएं

स्मार्ट टीवी खरीदते वक्त सबसे पहली और सबसे आम गलती जो लोग करते हैं, वह है गलत स्क्रीन साइज (Screen Size) का चुनाव करना। कई लोगों को लगता है कि जितना बड़ा टीवी होगा, देखने का अनुभव उतना ही शानदार होगा। लेकिन असल में ऐसा नहीं है। टीवी का साइज हमेशा आपके कमरे के आकार और आपके बैठने की दूरी (Viewing Distance) के हिसाब से तय होना चाहिए।

यदि आपका कमरा छोटा है और आप बहुत बड़ा टीवी ले आते हैं, तो न केवल आपको पूरा फ्रेम देखने में परेशानी होगी बल्कि इससे आपकी आंखों और गर्दन पर भी बुरा असर पड़ेगा। आपको बता दें कि 32-इंच के टीवी के लिए कम से कम 4 फीट, 43-इंच के लिए लगभग 5.5 फीट और 55-इंच या उससे बड़े टीवी के लिए कम से कम 7 फीट की दूरी होना बेहद जरूरी है।

डिस्प्ले क्वालिटी पर ध्यान दें

साइज के बाद दूसरी बड़ी गलती 'रेज़ोल्यूशन' (Resolution) को नजरअंदाज करना है। आज के समय में बाजार में एचडी रेडी (HD Ready), फुल एचडी (Full HD), 4K और यहाँ तक कि 8K टीवी भी उपलब्ध हैं। अगर आप 32 इंच का छोटा टीवी ले रहे हैं, तो एचडी रेडी या फुल एचडी काफी है। लेकिन अगर आप 43 इंच या उससे बड़ा टीवी खरीद रहे हैं, तो आपको भूलकर भी फुल एचडी नहीं चुनना चाहिए, बल्कि हमेशा 4K रेज़ोल्यूशन वाला टीवी ही लेना चाहिए। 4K टीवी में पिक्चर्स बहुत ज्यादा साफ, क्रिस्प और जीवंत दिखाई देती हैं। इसके साथ ही टीवी में डिस्प्ले का प्रकार भी मायने रखता है। बजट के अनुसार आप एलईडी (LED), क्यूलेड (QLED) या ओलेड (OLED) चुन सकते हैं, जहां ओलेड सबसे बेहतरीन लेकिन महंगा विकल्प है।

OS वर्जन पर ध्यान दें

एक और महत्वपूर्ण पहलू जिसे लोग अक्सर अनदेखा कर देते हैं, वह है टीवी का ऑपरेटिंग सिस्टम (OS)। जैसे आपके स्मार्टफोन के लिए सॉफ्टवेयर जरूरी है, वैसे ही स्मार्ट टीवी के लिए उसका ऑपरेटिंग सिस्टम रीढ़ की हड्डी होता है। बाजार में मुख्य रूप से गूगल टीवी (Google TV), एंड्रॉइड टीवी (Android TV), सैमसंग का टाइजेन (Tizen) और एलजी का वेबओएस (webOS) सबसे लोकप्रिय हैं।

अगर आप ऐप सपोर्ट और आसान यूजर इंटरफेस चाहते हैं, तो गूगल टीवी या एंड्रॉइड टीवी सबसे बेहतरीन विकल्प माने जाते हैं क्योंकि इनमें गूगल प्ले स्टोर के जरिए हजारों ऐप्स आसानी से डाउनलोड किए जा सकते हैं। कोई ऐसा अनजान या लोकल ब्रांड न खरीदें जिसका ऑपरेटिंग सिस्टम धीमा हो, क्योंकि कुछ समय बाद उसमें ऐप्स चलना बंद हो जाते हैं और टीवी बार-बार हैंग होने लगता है।

इन चीजों को भी चेक करें

इन सब के अलावा, लोग अक्सर टीवी के साउंड (Sound Output) और कनेक्टिविटी पोर्ट्स को चेक करना भूल जाते हैं। आजकल के पतले टीवी में पिक्चर क्वालिटी तो अच्छी मिल जाती है, लेकिन स्लिम डिजाइन के कारण उनके स्पीकर बहुत छोटे होते हैं, जिससे आवाज की क्वालिटी कमजोर हो जाती है। टीवी खरीदते समय ध्यान दें कि उसमें कम से कम 20W से 30W का साउंड आउटपुट हो और वह डॉल्बी एटमॉस (Dolby Atmos) को सपोर्ट करता हो।

कनेक्टिविटी फीचर पर ध्यान दें

साथ ही, टीवी के पीछे कम से कम 3 HDMI पोर्ट और 2 USB पोर्ट जरूर होने चाहिए ताकि आप साउंडबार, सेट-अप बॉक्स या गेमिंग कंसोल को आसानी से कनेक्ट कर सकें। अंत में, हमेशा किसी भरोसेमंद ब्रांड को ही प्राथमिकता दें और वारंटी की शर्तों को ध्यान से पढ़ें ताकि भविष्य में किसी भी खराबी पर आपको परेशान न होना पड़े।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article