Airtel partnership with SpaceX Starlink: एयरटेल ने भारत में स्टारलिंक इंटरनेट लाने के लिए एलन मस्क की स्पेसएक्स से पार्टनरशिप की घोषणा कर दी है। एयरटेल ने स्पेसएक्स के साथ एक समझौता किया है, जिससे स्टारलिंक का सैटेलाइट इंटरनेट भारत में लाया जाएगा। हालांकि, यह सौदा स्पेसएक्स को भारत में स्टारलिंक सर्विस बेचने की सरकारी मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगा। इस पार्टनरशिप के बाद अब जल्द भारत में स्टारलिंक की एंट्री हो सकती है।
जल्द भारत में लॉन्च हो सकता है Starlink
एयरटेल और स्पेसएक्स की पार्टनरशिप के बाद जल्द भारत में स्टारलिंक की एंट्री हो सकती है। पार्टनरशिप के तहत एयरटेल और स्पेसएक्स मिलकर काम करने के विभिन्न तरीकों की तलाश करेंगे। एयरटेल अपने स्टोर्स में स्टारलिंक का उपकरण बेच सकता है और व्यवसायों को इसकी सर्विस प्रदान कर सकता है। इसके अलावा, दोनों कंपनियां ग्रामीण स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और दूरदराज के क्षेत्रों में इंटरनेट पहुंचाने के लिए स्टारलिंक का उपयोग करने की योजना बना रही हैं।
एयरटेल और स्पेसएक्स यह भी जांच करेंगे कि एयरटेल की नेटवर्क सर्विस को स्टारलिंक से कैसे जोड़ा जा सकता है और स्पेसएक्स भारत में एयरटेल के बुनियादी ढांचे का उपयोग कैसे कर सकता है। एलन मस्क के नेतृत्व वाली स्टारलिंक की हाई-स्पीड इंटरनेट सर्विस जल्द ही भारत में उपलब्ध होंगी। स्पेसएक्स द्वारा इंजीनियर और संचालित स्टारलिंक, दुनिया भर के यूजर्स को हाई-स्पीड, लो-लेटेंसी इंटरनेट प्रदान करती है।
एयरटेल सैटेलाइट इंटरनेट
एयरटेल पहले से ही सैटेलाइट इंटरनेट के लिए यूटेलसैट वनवेब (Eutelsat OneWeb) के साथ काम कर रहा है। अब स्टारलिंक को जोड़ने से एयरटेल को उन क्षेत्रों तक अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कम या बिल्कुल नहीं है। इससे दूरदराज के स्थानों में रहने वाले लोगों और व्यवसायों को हाई-स्पीड इंटरनेट के अधिक विकल्प मिलेंगे।
क्या है कंपनी का प्लान
भारती एयरटेल के मैनेजिंग डायरेक्टर और वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा, "स्पेसएक्स के साथ काम कर एयरटेल ग्राहकों के लिए स्टारलिंक सर्विस उपलब्ध कराना हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह अगली जनरेशन की सैटेलाइट कनेक्टिविटी के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"
उन्होंने कहा, "इस पार्टनरशिप से हमें भारत के सबसे दूरस्थ हिस्सों तक विश्व स्तरीय हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड पहुंचाने की क्षमता मिलेगी। हमारा उद्देश्य है कि हर व्यक्ति, व्यवसाय और समुदाय को एक विश्वसनीय इंटरनेट सर्विस प्रदान की जाए। स्टारलिंक, एयरटेल की सर्विस को और मजबूत करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि भारतीय ग्राहकों को किफायती और भरोसेमंद ब्रॉडबैंड सर्विस मिले, चाहे वे कहीं भी रहते हों या काम करते हों।"
स्पेसएक्स ने क्या कहा?
स्पेसएक्स की प्रेसिडेंट ग्विन शॉटवेल ने कहा, "हम एयरटेल के साथ काम करने और भारत के लोगों के लिए स्टारलिंक की पावर को साकार करने को लेकर उत्साहित हैं। जब लोग, व्यवसाय और संगठन स्टारलिंक से जुड़ते हैं, तो वे अद्भुत और प्रेरणादायक काम करते हैं, जिसे देखना हमारे लिए बेहद खास है।"
