iPhone 18 Pro Sale in India: इस महीने की शुरुआत में जब Apple ने iPhone 18 सीरीज लॉन्च की थी तो सबने कहा था कि यह काफी महंगा है, कौन-ही खरीदेगा, लेकिन आज यानी 18 सितंबर को iPhone 18 Pro की सेल शुरू हुई तो पूरी दुनिया में अलग ही नजारा देखने को मिला। ऐप्पल के स्टोर पर नए आईफोन को खरीदने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नोएडा स्थित Apple Store के बाहर सुबह स्टोर खुलने से पहले ही खरीदारों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान एक दिल्ली के शख्स ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के लिए iPhone 18 Pro खरीदने को सोना तक बेच दिया।
पत्नी को देना था Burgundy कलर का iPhone 18 Pro
इंडिया टूडे Tech की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा के DLF Mall of India में Apple Store के बाहर सुबह 8 बजे से पहले ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे। कतार में सबसे आगे खड़े दिल्ली के एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी पत्नी के लिए iPhone 18 Pro खरीदने आया है।
उसने बताया कि उसकी पत्नी ने Burgundy कलर का iPhone 18 Pro खरीदने के लिए कहा था। खास बात यह है कि उसकी पत्नी पहले से iPhone इस्तेमाल नहीं करती थीं और वह उन्हें नया फोन देकर अपग्रेड करना चाहता था।
'आज पैसा है, पहले नहीं था... आगे होगा या नहीं होगा'
जब उस व्यक्ति से पूछा गया कि वह खास तौर पर iPhone 18 Pro ही क्यों खरीदना चाहता है, तो उसने अपनी आर्थिक स्थिति का जिक्र किया। उसने कहा, "आज पैसा है, पहले नहीं था, आगे होगा नहीं होगा, बस आज हम जी रहे हैं।" उसके इस जवाब से पता चलता है कि वह वर्तमान समय में अपनी पत्नी को यह महंगा गिफ्ट देना चाहता है। हालांकि, भविष्य में उसकी आर्थिक स्थिति कैसी होगी, इसे लेकर उसने अनिश्चितता भी जताई।
iPhone 18 Pro के लिए बेच दिया सोना
दिल्ली के इस खरीदार ने बताया कि उसने iPhone 18 Pro खरीदने के लिए सोना बेचा है। जब उससे पूछा गया कि फोन खरीदने के लिए पैसे का इंतजाम कैसे किया, तो उसने स्पष्ट रूप से कहा, "गोल्ड बेचकर ही तो ये लेने आए हैं।"
इस बयान के बाद यह मामला सोशल मीडिया और टेक्नोलॉजी प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बन सकता है। हालांकि, खरीदार ने कितने रुपये का सोना बेचा या फोन के लिए कुल कितना भुगतान किया, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
पंजाब से नोएडा पहुंचे शख्स ने मंगेतर के लिए खरीदा iPhone
iPhone 18 Pro खरीदने का उत्साह सिर्फ दिल्ली और नोएडा के लोगों तक सीमित नहीं रहा। पंजाब के रहने वाले गुरदिता सिंह भी अपने दोस्त के साथ नोएडा पहुंचे थे। वह जल्द ही शादी करने वाले हैं और अपनी मंगेतर को iPhone 18 Pro गिफ्ट करना चाहते थे।
रिपोर्ट के अनुसार, गुरदिता सिंह और उनके दोस्त सुबह 6 बजे से Apple Store के बाहर इंतजार कर रहे थे। गुरदिता ने अपनी मंगेतर के लिए iPhone 18 Pro खरीदा, जबकि अपने लिए iPhone 18 Pro Max भी लिया। उन्होंने बताया कि दोनों फोन खरीदने में 3.5 लाख रुपये से ज्यादा खर्च हुए। फोन खरीदने के बाद उन्हें सुबह 11 बजे की ट्रेन से पंजाब वापस लौटना था।
कपल ने खरीदे दो iPhone 18 Pro, अब iPhone Duo की तैयारी
नोएडा के Apple Store पर एक कपल भी दो iPhone 18 Pro खरीदने पहुंचा था। जब महिला से नए आईफोन की बढ़ी हुई कीमत के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि कीमत बढ़ी है, लेकिन iPhone चाहने वाले लोग ज्यादा कीमत चुकाने के लिए तैयार रहेंगे। इस कपल की योजना भविष्य में Apple का फोल्डेबल फोन iPhone Duo खरीदने की भी है। महिला ने बताया कि उनका एक दोस्त हॉन्ग कॉन्ग में रहता है और वह अक्टूबर में लौटते समय iPhone Duo लेकर आएगा।
कीमत बढ़ने के बावजूद खरीदारों में उत्साह
हरियाणा से आए विशाल नाम के एक खरीदार ने भी iPhone की बढ़ती कीमतों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "कोई दिक्कत नहीं, मैनेज कर लेंगे।" Apple Store के बाहर छात्रों, कारोबारियों और नौकरीपेशा लोगों समेत अलग-अलग वर्गों के खरीदार नजर आए। कुछ लोगों ने नए iPhone को खरीदने के लिए काम से छुट्टी तक ली थी।
प्री-ऑर्डर नहीं किया तो नहीं मिला फोन
जहां कई खरीदार iPhone 18 Pro खरीदने में सफल रहे, वहीं कुछ लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, जिन लोगों ने पहले से फोन का प्री-ऑर्डर नहीं किया था, उन्हें उस दिन खरीदारी की अनुमति नहीं दी गई। एक खरीदार ने कहा कि उसे प्री-ऑर्डर की आवश्यकता के बारे में जानकारी नहीं थी। उसने आगे कहा कि अब वह किसी तरह अंदर जाने की कोशिश कर सकता है।
