भारत ने पिछले कुछ सालों में डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। अब देश में अधिकांश लोग छोटी-बड़ी खरीदारी के समय ऑनलाइन पेमेंट के जरिए ही भुगतान करते हैं। लोगों की सहूलियत के लिए अब सरकार धीरे-धीरे विदेश में भी डिजिटल पेमेंट की सुविधा को शुरू कर रही है। इसी क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए भारत ने अब यूनान में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI की सुविधा शुरू कर दी है।
इन 10 देशों में शुरू हुई सर्विस
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि यह भारत के डिजिटल भुगतान तंत्र के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि अब यूनान, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका और कंबोडिया सहित 10 देशों में यूपीआई से लेनदेन किया जा रहा है। इससे भारतीय यात्री परिचित डिजिटल मंचों के माध्यम से विदेशों में भी आसानी से भुगतान कर पा रहे हैं।
पैसे भेजने का खर्च भी कम होगा
गोयल ने सोशल मीडिया पर बताया कि अब यूनान में भी यूपीआई की सुविधा शुरू हो गई है। इससे पात्र ग्राहक तुरंत, सुरक्षित और बिना किसी परेशानी के पैसे भेज और प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, पारंपरिक तरीकों की तुलना में पैसे भेजने का खर्च भी काफी कम होगा। आपको बात दें कि पियूष गोयल इस समय अपनी आधिकारिक यात्रा पर यूनान की राजधानी एथेंस में हैं।
उन्होंने कहा, "एथेंस में यूरोबैंक के मुख्यालय में यूरोबैंक और एनआईपीएल की साझेदारी के तहत यूपीआई सेवा की शुरुआत होते देख खुशी हुई। इस मौके पर यूरोबैंक के सीईओ फोकियन करावियास और फेयरफैक्स डिजिटल सर्विसेज के सीईओ संजय तुगनैत भी मौजूद थे। यह भारत की डिजिटल भुगतान व्यवस्था को दुनिया भर में पहुंचाने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि है।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया के कई देशों में यूपीआई को तेजी से अपनाया जा रहा है और इसकी खूब सराहना हो रही है। इससे साफ है कि भारत ऐसी आधुनिक तकनीक विकसित कर रहा है, जो सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोगों के लिए भी फायदेमंद है। इससे देशों के बीच सहयोग मजबूत हो रहा है और साझा विकास व समृद्धि को बढ़ावा मिल रहा है।
(इनपुट-भाषा)
