Chhath puja: छठ पूजा में जितनी अहमियत सूर्य देव को अर्घ्य देने की है, उतनी ही खास इस पर्व की परंपराएं भी हैं। घाटों पर सजे दउरा, फल, ठेकुआ और मिट्टी के दीयों के बीच एक चीज अक्सर सबका ध्यान खींचती है। यह है गन्ने का मंडप। छठ पूजा के दौरान कई घरों और घाटों पर गन्ने से सुंदर मंडप बनाया जाता है। इसके नीचे छठी मैया की पूजा होती है और प्रसाद रखा जाता है।
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि छठ पूजा में गन्ने का मंडप बनाने की परंपरा क्यों है? आखिर गन्ने को ही इस पूजा में इतनी खास जगह क्यों दी गई है? इसके पीछे धार्मिक मान्यताएं, प्रकृति के प्रति आभार और लोकजीवन से जुड़ी कई भावनाएं छिपी हैं।
छठ पूजा में गन्ने का मंडप क्यों बनाया जाता है
छठ पूजा में गन्ने का मंडप बनाना समृद्धि, खुशहाली और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जाता है। गन्ना मीठा होता है और इसे अच्छी फसल, मेहनत के फल तथा जीवन में मिठास से जोड़कर देखा जाता है। लोकमान्यता है कि गन्ने का मंडप बनाकर छठी मैया का स्वागत किया जाता है। जिस तरह किसी शुभ अवसर पर घर के दरवाजे को सजाया जाता है, उसी तरह पूजा स्थल को गन्ने से सजाने की परंपरा है।
गन्ने के चार या अधिक डंडों को खड़ा करके उनके ऊपरी हिस्से को आपस में बांधा जाता है। फिर इनके सहारे एक छोटा मंडप तैयार किया जाता है। यह मंडप पूजा स्थल को एक खास रूप देता है। इसके नीचे भगवान सूर्य और छठी मैया के प्रति श्रद्धा व्यक्त की जाती है।
गन्ने का संबंध समृद्धि और खुशहाली से क्यों है
भारतीय परंपरा में गन्ने को मिठास और समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। यह किसान की मेहनत और धरती की उपज का प्रतीक भी है। खेतों में उगने वाला गन्ना हमें प्रकृति की उस देन की याद दिलाता है, जिसके बिना जीवन की कई जरूरतें पूरी नहीं हो सकतीं।
छठ पूजा भी मूल रूप से प्रकृति के प्रति आभार जताने का पर्व है। इसमें सूर्य, जल, मिट्टी और फलों का विशेष महत्व है। ऐसे में गन्ने का मंडप बनाना इस भावना को और गहरा करता है। यह संदेश देता है कि इंसान का जीवन प्रकृति की कृपा और मेहनत के मेल से आगे बढ़ता है।
कोसी भरने की परंपरा में भी है गन्ने का विशेष महत्व
छठ पूजा में गन्ने के मंडप का एक खास संबंध कोसी भरने की परंपरा से भी है। यह रस्म कई परिवारों में संध्या अर्घ्य के दिन निभाई जाती है। इसके लिए चार, पांच, सात या ग्यारह गन्नों को एक साथ बांधकर मंडप तैयार किया जाता है। हालांकि गन्नों की संख्या परिवार और क्षेत्र की परंपरा के अनुसार अलग हो सकती है।
मंडप के नीचे मिट्टी का हाथी, दीये, फल और प्रसाद रखे जाते हैं। शाम के समय जब दीये जलते हैं, तो पूरा मंडप रोशनी से जगमगा उठता है। महिलाएं छठी मैया के पारंपरिक गीत गाती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
लोकमान्यता के अनुसार, कोसी भरने की रस्म मनोकामना पूरी होने पर छठी मैया के प्रति आभार जताने के लिए भी की जाती है। खासकर संतान की खुशहाली और परिवार के अच्छे भविष्य की कामना से यह परंपरा जुड़ी हुई है।
क्या गन्ने का मंडप बनाना जरूरी होता है
छठ पूजा में गन्ने का मंडप बनाने की परंपरा काफी पुरानी और लोकप्रिय है, लेकिन इसे हर व्रती के लिए अनिवार्य नहीं माना जाता। छठ पूजा की कई रस्में अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों की मान्यताओं के अनुसार निभाई जाती हैं। कुछ परिवारों में कोसी भरने की विशेष परंपरा होती है, जबकि कुछ परिवार केवल सूर्य देव को अर्घ्य देकर पूजा संपन्न करते हैं।
इस पर्व की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि इसमें दिखावे से ज्यादा भावना को महत्व दिया जाता है। कोई मिट्टी का चूल्हा बनाकर प्रसाद तैयार करता है, तो कोई गन्ने का मंडप सजाकर छठी मैया का स्वागत करता है।
दरअसल, गन्ने का यह मंडप केवल पूजा की सजावट नहीं है। यह हमारी कृषि संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार की खुशहाली की कामना को एक साथ जोड़ता है। शायद यही वजह है कि आधुनिक समय में भी छठ घाटों पर गन्ने का मंडप सजाने की परंपरा उतनी ही श्रद्धा से निभाई जाती है।
