Google Wallet App Launched in India Today: गूगल ने भारत में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए अपने एक निजी डिजिटल वॉलेट ऐप (Google Wallet App) को लॉन्च कर दिया है। हालांकि, गूगल वॉलेट की मदद से यूजर्स पेमेंट नहीं कर सकेंगे। इसमें यूजर्स कार्ड, टिकट, पास, आईडी आदि सुरक्षित रख सकेंगे। गूगल भारत में पहले से अपने पेमेंट ऐप गूगल-पे (Google Pay) की सर्विस देता है। चलिए जानते हैं दोनों में क्या फर्क है।
क्या है Google Wallet App?
भारत में गूगल वॉलेट ऐप (Google Wallet App) को केवल एंड्रॉयड (Android) यूजर्स के लिए उपलब्ध किया गया है। गूगल का यह प्राइवेट डिजिटल वॉलेट यूजर्स को डॉक्यूमेंट को डिजिटल रूप से स्टोर करने में मदद करता है, जिन्हें आमतौर पर कोई घर पर ही भूल जाता है जैसे- कार्ड, टिकट, पास, डिजिटल की और आईडी। गूगल वॉलेट ऐप डिजिलॉकर की तरह होगा, जो यूजर्स को फाइनेंशियल डॉक्यूमेंट को डिजिटल रूप से स्टोर करने में मदद करेगा।
हालांकि, अमेरिका जैसे अन्य मार्केट में वॉलेट ऐप से ऑनलाइन पेमेंट भी की जा सकती है, लेकिन भारत में इसके विपरीत इसे केवल डिजिटल डॉक्यूमेंट वॉलेट की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा।
गूगल के जीएम एवं इंडिया इंजीनियरिंग लीड (एंड्रॉयड) राम पापाटला ने कहा, ‘‘गूगल पे कहीं नहीं जा रहा है। यह हमारा प्राथमिक भुगतान ऐप बना रहेगा। गूगल वॉलेट विशेष रूप से गैर-भुगतान उपयोग मामलों के लिए तैयार किया गया है।’’
Google Pay से कैसे अलग है Google वॉलेट?
Google वॉलेट वेबसाइट पर FAQ के अनुसार, गूगल वॉलेट एक 'सिक्योर और प्राइवेट डिजिटल वॉलेट' है जो यूजर्स को ऐप पर शेयर किए गए पेमेंट कार्ड, पास, टिकट, कीज (keys) या आईडी को तुरंत एक्सेस करने की सुविधा देता है। जबकि Google Pay यूजर्स को ऑनलाइन और UPI की मदद से पेमेंट करने और पैसे ट्रांसफर करने जैसी सुविधा देता है।
