गूगल कई तरह की सर्विस देता है। कंपनी अपने यूजर्स की सेफ्टी और सिक्योरिटी के लिए समय-समय पर नए नए फीचर्स लाती रहती है। अब कंपनी एक ऐसा फीचर लाने जा रही है जो किसी कठिन हालात में बड़ी हेल्प करेगा। किसी मुसीबत में फंसने पर कई बार ऐसा होता है कि इंसान न तो फोन हाथ में ले पाता है और न ही किसी को कॉल करके मदद मांग पाता है। ऐसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए Google एक नए सेफ्टी फीचर पर काम कर रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर बिना फोन को छुए सिर्फ अपनी आवाज के जरिए इमरजेंसी SOS एक्टिवेट कर सकेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, Google अपने Personal Safety ऐप में Voice-Activated Emergency SOS फीचर जोड़ने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर के जरिए यूजर लगातार तीन बार 'Help' बोलकर इमरजेंसी प्रक्रिया शुरू कर सकेगा। इसके बाद फोन यूजर से वॉयस कमांड के जरिए कन्फर्मेशन भी मांगेगा।
तीन बार 'Help' बोलने पर कैसे करेगा काम?
Android Headlines की रिपोर्ट में Personal Safety ऐप के एक हालिया कोड बिल्ड में इस नए फीचर के संकेत मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यूजर को तीन बार “Help” बोलना होगा। इसके बाद SOS अलर्ट भेजने से पहले वॉयस कन्फर्मेशन लिया जाएगा। अगर यूजर 'Yes' बोलता है, तो इमरजेंसी SOS प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं, “Cancel” बोलने पर इसे रोक दिया जाएगा। यानी सिर्फ गलती से 'Help' बोलने पर तुरंत SOS अलर्ट नहीं जाएगा।
इस फीचर की खास बात यह है कि इसे इस्तेमाल करने के लिए फोन को हाथ में पकड़ना जरूरी नहीं होगा। ऐसे में अगर यूजर किसी ऐसी स्थिति में फंस जाता है, जहां फोन तक पहुंचना मुश्किल है, तब भी वह आवाज के जरिए मदद मांग सकता है।
लोकेशन और वीडियो शेयरिंग की भी सुविधा
नया Voice SOS फीचर एक्टिवेट होने के बाद सिर्फ अलर्ट भेजने तक सीमित नहीं रहेगा। सामने आई जानकारी के अनुसार, इसके जरिए रियल-टाइम लोकेशन शेयरिंग और इमरजेंसी वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे विकल्प भी शुरू हो सकते हैं। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स को कॉल करने की सुविधा भी मिल सकती है। इससे इमरजेंसी की स्थिति में यूजर की लोकेशन और जरूरी जानकारी मदद पहुंचाने वालों तक जल्दी पहुंच सकेगी।फिलहाल Android फोन में Emergency SOS को एक्टिवेट करने के लिए पावर बटन को लगातार पांच बार दबाने का विकल्प मौजूद है। नया वॉयस फीचर इसी सिस्टम में एक अतिरिक्त तरीका जोड़ सकता है। इसका सबसे बड़ा फायदा उन परिस्थितियों में हो सकता है, जब यूजर फोन तक पहुंचने या बटन दबाने की स्थिति में न हो।
पहले Pixel फोन में मिल सकता है फीचर
माना जा रहा है कि Google इस नए फीचर को सबसे पहले अपने Pixel स्मार्टफोन्स पर उपलब्ध करा सकता है। बाद में इसे दूसरे Android डिवाइस के लिए भी जारी किया जा सकता है। हालांकि, अभी Google ने इस फीचर की आधिकारिक लॉन्च डेट या उपलब्धता की पुष्टि नहीं की है। Samsung फोन में पहले से कंपनी का अपना SOS सिस्टम मौजूद है, इसलिए इन डिवाइस पर Google के इस नए फीचर की उपलब्धता को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
