अध्यात्म

​साल में सिर्फ कार्तिक पूर्णिमा के दिन खुलते हैं इस मंदिर के कपाट, छह मुख वाले भगवान की होती है पूजा

कार्तिक पूर्णिमा के दिन ग्वालियर का यह ऐतिहासिक मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र बन जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान कार्तिकेय के दर्शन करने से पूरे साल भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

Image

(मंदिर की यह प्रतीकात्मक तस्वीर AI से बनाई गई है)

Kartikeya Swami Temple, Gwalior: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में स्थित 400 साल पुराना छह मुख वाले भगवान कार्तिकेय का मंदिर अपनी अनोखी परंपरा के लिए जाना जाता है। इस मंदिर के पट साल में केवल एक बार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ही खुलते हैं। इसी खास मौके पर दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटते हैं।

देशभर से पहुंचते हैं भक्त

कार्तिक पूर्णिमा के दिन ग्वालियर का यह ऐतिहासिक मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र बन जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान कार्तिकेय के दर्शन करने से पूरे साल भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। दूर-दराज और देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग इस विशेष दर्शन के लिए ग्वालियर पहुंचते हैं। इस अवसर पर भगवान कार्तिकेय का विशेष श्रृंगार और पूजा-अर्चना की जाती है, साथ ही मंदिर के आसपास मेले का आयोजन भी होता है।

मनोकामना पूरी होने की है मान्यता (Photo: fb)

मनोकामना पूरी होने की है मान्यता (Photo: fb)

छह पीढ़ियों से जारी है सेवा

मंदिर के पुजारी के मुताबिक, उनका परिवार पिछली छह पीढ़ियों से भगवान कार्तिकेय की सेवा करता आ रहा है। साल में सिर्फ एक दिन खुलने वाले इस मंदिर को लेकर स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं में गहरी आस्था देखने को मिलती है।

क्या है इसके पीछे की पौराणिक कथा?

इस अनूठी परंपरा के पीछे एक पौराणिक कथा जुड़ी मानी जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव और माता पार्वती के दोनों पुत्रों कार्तिकेय और गणेश के विवाह से पहले एक परीक्षा रखी गई थी। दोनों से ब्रह्मांड की परिक्रमा करने को कहा गया था और यह तय किया गया था कि जो पहले लौटकर आएगा, उसी का विवाह पहले होगा।

कथा के अनुसार, भगवान कार्तिकेय अपने वाहन मयूर पर सवार होकर परिक्रमा के लिए निकल पड़े, जबकि भगवान गणेश ने समझदारी दिखाते हुए माता-पिता की ही परिक्रमा कर ली और इस तरह वे पहले स्थान पर रहे। इसके बाद गणेश जी का विवाह रिद्धि और सिद्धि से हुआ।

भगवान कार्तिकेय (Photo: fb)

भगवान कार्तिकेय (Photo: fb)

जब कार्तिकेय वापस लौटे और उन्होंने देखा कि छोटे भाई का विवाह हो चुका है, तो वे नाराज हो गए और सबसे दूर चले गए। उन्होंने माता पार्वती समेत किसी से भी मिलने से मना कर दिया। तब माता पार्वती ने भगवान शिव से आग्रह किया, जिसके बाद शिव जी ने यह वरदान दिया कि जो भी कार्तिक पूर्णिमा के दिन कार्तिकेय के दर्शन करेगा, उसकी मनोकामना पूरी होगी। इसी मान्यता के चलते इस मंदिर के दरवाजे साल में केवल कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही खोले जाते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article