स्मार्टफोन और इंटरनेट ने मानव जीवन को काफी आसान बना दिया है। इन दोनों ही चीजों ने कई सारे कठिन काम को बेहद सरल और सुगम बना दिया है। अब हमारे दैनिक जीवन में स्मार्टफोन और इंटरनेट इतना घुल मिल गए हैं कि इनके बिना कुछ घंटे बिता पाना भी मुश्किल है। हालांकि इनसे हमें जितनी सुविधा मिली है उतने ही बड़े इसके कुछ नुकसान भी हैं। हमारी एक लापरवाही एक बड़ा नुकसान करा सकती है। साइबर क्रिमिनल्स अब स्मार्टफोन और इंटरनेट की मदद से लोगों को ऑनलाइन स्कैम का शिकार बना रहे हैं। हाल ही में कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिसमें क्रिमिनल्स OLX ऐप के जरिए लोगों ठगी का शिकार बनाते हैं।
दरअसल जब भी हमें कोई सामान बेचना होता है या फिर हमें अपने घर, कमरे को किराए पर देना होता है तो OLX पर इसका विज्ञापन दे देते हैं। इसी चीज का फायदा साइबर क्रिमिनल्स उठाते हैं। साइबर क्रिमिनल्स के इस नए तरीके को लेकर अब हरियाणा पुलिस की तरफ से लोगों को अलर्ट किया गया है। हरियाणा पुलिस ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट भी किया है।
हरियाणा पुलिस ने अपने पोस्ट में लिखा कि OLX पर घर, दुकान या ऑफिस किराए पर दे रहे हैं? सावधान रहें! साइबर ठग OLX पर किराये के विज्ञापन देखकर खुद को सेना या बैंक अधिकारी बताकर संपर्क करते हैं। फर्जी आईडी और दस्तावेज भेजते हैं और “एडवांस पेमेंट” के नाम पर QR कोड, बैंक डिटेल्स या OTP मांगकर धोखाधड़ी करते हैं।
पुलिस के मुताबिक किसी को शक न हो और लोग उन पर भरोसा करें इसके लिए वे आमने सामने तक मिलने को तैयार रहते हैं। पुलिस ने लोगों को अलर्ट करते हुए कहा कि अगर OLX पर विज्ञापन दे रहे हैं तो उस विज्ञापन को देखकर आने वालें लोगों से सतर्क रहें और अच्छे से जांच पड़ताल करें।
पुलिस ने इंटरनेट की दुनिया में लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान कॉल या फिर दस्तावेज पर बिना किसी तरह के सत्यापन पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान या फिर नए शख्स के साथ OTP, UPI PIN या अन्य व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें। इसके साथ ही मकान को किराए पर लेने वाले लोगों की पहचान के साथ ही उनके द्वारा दिए गए डॉक्यूमेंट्स की भी अच्छे से जांच करें। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी तरह का साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं।
