बॉट्स बने बॉस: इंसानों को नौकरी देने लगे AI एजेंटस, शुरू हुई नई गिग इकोनॉमी
- Authored by: Pradeep Pandey
- Updated Feb 5, 2026, 03:09 PM IST
यहां काम देने वाले इंसान नहीं, बल्कि ऑटोनॉमस AI एजेंट्स हैं। ये बॉट्स ऐसे फिजिकल काम करवाते हैं, जो वे खुद नहीं कर सकते- जैसे पैकेज उठाना, बोर्ड पकड़कर खड़े होना या फूल डिलीवर करना। लॉन्च के कुछ ही दिनों में प्लेटफॉर्म पर 81,000 से ज्यादा ‘रेंटेबल ह्यूमन’ साइन अप कर चुके हैं।
Rentahuman.ai
AI एजेंट्स को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा है और इसी बीच एक नई वेबसाइट Rentahuman.ai सामने आई है, जहां इंसान अपनी सेवाएं सीधे AI एजेंट्स को बेच सकते हैं। सीधे शब्दों में कहें तो इस वेबसाइट पर एआई, इंसानों को नौकरी पर रख रहे हैं और अपना काम करवा रहे हैं। इस प्लेटफॉर्म को क्रिप्टो सॉफ्टवेयर इंजीनियर अलेक्जेंडर लाइटेप्लो ने तैयार किया है। वेबसाइट खुद को “AI के लिए मीटस्पेस लेयर” बताती है।
TaskRabbit जैसा, लेकिन क्लाइंट हैं AI बॉट्स
Rent-AHuman को कुछ हद तक TaskRabbit जैसा बताया जा रहा है, फर्क बस इतना है कि यहां काम देने वाले इंसान नहीं, बल्कि ऑटोनॉमस AI एजेंट्स हैं। ये बॉट्स ऐसे फिजिकल काम करवाते हैं, जो वे खुद नहीं कर सकते- जैसे पैकेज उठाना, बोर्ड पकड़कर खड़े होना या फूल डिलीवर करना। लॉन्च के कुछ ही दिनों में प्लेटफॉर्म पर 81,000 से ज्यादा ‘रेंटेबल ह्यूमन’ साइन अप कर चुके हैं।
मजाक या सच में नया लेबर मार्केट?
पहली नजर में यह प्लेटफॉर्म मजाक जैसा लग सकता है, लेकिन कई संकेत बताते हैं कि इसे गंभीरता से बनाया गया है। वेबसाइट की भाषा और टर्म्स- जैसे “robots need your body”- व्यंग्य से ज्यादा एक नए स्टार्टअप आइडिया जैसी लगती हैं। टेक और क्रिप्टो कम्युनिटी के कई लोग इसे भविष्य की AI-ड्रिवन इकॉनमी की झलक मान रहे हैं।
OpenClaw और ‘वाइब कोडिंग’ से जुड़ा इकोसिस्टम
Rent-A-Human, तेजी से लोकप्रिय हो रहे OpenClaw जैसे ओपन-सोर्स AI एजेंट टूल्स के इकोसिस्टम का हिस्सा माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐसे प्रोजेक्ट्स को ‘वाइब कोडिंग’ के जरिए तेजी से बनाया जा रहा है, जहां डेवलपर्स खुद मानते हैं कि वे कोड की पूरी समीक्षा किए बिना उसे लॉन्च कर देते हैं और बाद में AI से ही बग फिक्स कराते हैं।
क्रिप्टो पेमेंट और सुरक्षा पर सवाल
इस प्लेटफॉर्म पर पेमेंट पूरी तरह क्रिप्टोकरेंसी में होती है- स्टेबलकॉइन और एथेरियम समेत। इसके लिए यूजर्स को क्रिप्टो वॉलेट कनेक्ट करना पड़ता है। यही सबसे बड़ा चिंता का विषय है। काम देने वाले AI या उनके ऑपरेटर्स की पहचान साफ नहीं होती, पेमेंट रिवर्स नहीं की जा सकती और इंसानों के लिए सुरक्षा के ठोस इंतजाम नजर नहीं आते।
उत्साह भी, आशंका भी
क्रिप्टो और AI एजेंट कम्युनिटी में Rent-A-Human को खूब प्रमोट किया जा रहा है और इसे इंसान-AI के बीच सीधे लेनदेन का अगला कदम बताया जा रहा है। लेकिन क्रिप्टो इंडस्ट्री के पुराने अनुभवों को देखते हुए कई लोग इसे जोखिम भरा भी मान रहे हैं।
नया ट्रेंड या खतरनाक प्रयोग?
फिलहाल यह साफ नहीं है कि Rent-A-Human वाकई एक नए AI गिग वर्कर इकॉनमी की शुरुआत है या फिर एक बेहद चालाक प्रयोग, लेकिन Moltbook जैसे प्रोजेक्ट्स की अचानक सफलता को देखते हुए इतना तय है-इस तरह के प्लेटफॉर्म्स से जुड़ते समय सावधानी बेहद जरूरी है।