टेक एंड गैजेट्स

'जेमिनी संकेतों का जवाब देने में हमेशा भरोसेमंद नहीं', पीएम मोदी पर AI चैटबॉट की प्रतिक्रिया के बाद गूगल

Google chatbot Gemini On Pm Modi: गूगल ने शनिवार को कहा कि उसने इस मुद्दे का समाधान करने के लिए तेजी से काम किया है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री से जुड़े एक सवाल पर गूगल के एआई टूल जेमिनी की प्रतिक्रिया पर गूगल को चेतावनी दी है।

Image

Google chatbot Gemini

Google chatbot Gemini On Pm Modi: टेक दिग्गज गूगल ने कहा है कि उसका एआई चैटबॉट वर्तमान घटनाओं और राजनीतिक विषयों से संबंधित कुछ संकेतों का जवाब देने में ''हमेशा भरोसेमंद नहीं हो सकता है।'' गूगल ने यह सफाई पीएम मोदी पर AI चैटबॉट की प्रतिक्रिया के बाद दी है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक सवाल के जवाब में एआई टूल 'जेमिनी' की आपत्तिजनक प्रतिक्रिया और पूर्वाग्रह को लेकर गूगल को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने दी गूगल को चेतावनी

गूगल ने शनिवार को कहा कि उसने इस मुद्दे का समाधान करने के लिए तेजी से काम किया है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को चेतावनी दी थी कि प्रधानमंत्री से जुड़े एक सवाल पर गूगल के एआई टूल जेमिनी की प्रतिक्रिया आईटी नियमों के साथ ही आपराधिक संहिता के कई प्रावधानों का सीधा उल्लंघन है।

दरअसल, एक पत्रकार के वेरिफाइड अकाउंट से लिखा गया था कि मोदी पर एक सवाल के जवाब में गूगल जेमिनी की प्रतिक्रिया पक्षपात से भरी है। इस पर संज्ञान लेते हुए आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स राज्य मंत्री चंद्रशेखर ने यह बात कही। जेमिनी से जब इसी तरह का सवाल ट्रंप या जेलेंस्की के बारे में पूछा गया, तो उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

अपडेट पर काम कर रही कंपनी

गूगल के प्रवक्ता ने एक ईमेल बयान में कहा, ''हमने इस मुद्दे को हल करने के लिए तेजी से काम किया है।'' गूगल ने आगे कहा कि जेमिनी को रचनात्मकता और उत्पादकता उपकरण के रूप में बनाया गया है और ये ''हमेशा भरोसेमंद नहीं हो सकता है, खासकर जब वर्तमान घटनाओं, राजनीतिक विषयों या समसामयिक खबरों के बारे में कुछ संकेतों का जवाब देने की बात आती है।''प्रवक्ता ने कहा, ''इस बारे में हम लगातार सुधार करने पर काम कर रहे हैं।''

TNN Tech Desk
TNN टेक डेस्क author

देश-दुनिया में टेक्नोलॉजी से जुड़ी हर खबर हम आपको यहां देते हैं। स्मार्टफोन से लेकर गैजेट्स और बाकी तमाम जानकारी हम आपको लगातार देंगे।

और पढ़ें
End of Article