Canva Not Working: जाने माने ग्राफिक डिजाइनिंग प्लेटफॉर्म कैनवा (Canva) को लेकर इस वक्त एक काफी बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल 2 बजकर 34 मिनट से कैनवा बिलकुल ठप पड़ा है (Canva Down) जिस वजह से यूजर्स को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यूजर्स लॉग इन नहीं कर पा रहे हैं। डाउनडिटेक्टर से मिल रही जानकारी के मुताबिक अब तक 390 से ज्यादा लोग लॉग इन न कर पाने की शिकायत दर्ज करवा चुके हैं। अधिकतर लोगों को वेबसाइट (Canva Website) से संबंधित दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है जबकि ऐप (Canva App) से संबंधित शिकायत करने वाले यूजर्स की संख्या कम है।
क्या आ रही है समस्या
जब भी कोई यूजर कैनवा की वेबसाइट (Canva Outage) के माध्यम से लॉग इन करने की या फिर इसे रिफ्रेश करने की कोशिश कर रहा है तो उन्हें 504 गेटवे का एरर कोड दिखाया जा रहा है। आपको बता दें कि 504 एरर कोड किसी भी वेबसाइट के सर्वर से संबंधित होता है। जब एक निश्चित समय में भी सर्वर रिस्पॉन्स नहीं करता है तब यह कोड आपको आपकी स्क्रीन पर दिखता है। दुनिया भर में मौजूद करोड़ों कंटेंट क्रिएटर्स कैनवा का इस्तेमाल करते हैं। फिलहाल कैनवा के ब्रेकडाउन (Canva Breakdown) की वजह से वो कैनवा के टेम्पलेट और इमेज एडिटर को एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
कैनवा की वेबसाइट और अकाउंट में लॉग इन से संबंधित यह दिक्कत (Canva Not Working) इस वक्त पूरी दुनिया में देखने को मिल रही है। बहुत से यूजर्स ने इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर शिकायत भरे ट्वीट भी किये हैं। एक यूजर ने लिखा कि 'कैनवा अचानक से ठप पड़ गया है जिसकी वजह से जीवन खाली सा लग रहा है' एक अन्य यूजर ने ट्वीट करते हुए लिखा 'क्या किसी और को भी कैनवा पर लॉग इन करने पर 504 एरर कोड दिखा रहा है? मैं अपने बनाये डिजाइन तक नहीं पहुंच पा रहा हूं।'
कैनवा ने दिया आश्वासन
कैनवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट करते हुए गुस्साए हुए यूजर्स की समस्याओं को माना। साथ ही यूजर्स को आश्वासन देते हुए कैनवा ने कहा है कि 'हम इसी पर काम कर रहे हैं। हमें पता है कि बहुत से यूजर्स को फिलहाल लॉग इन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हम जल्द से जल्द समस्या का सामाधान करने की कोशिश कर रहे हैं।'
