Vaibhav Sooryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज के दौरान टीम इंडिया में डेब्यू का मौका मिला। संजू सैमसन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती तीन मैचों में सिर्फ 6 रन बना सके थे। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के दूसरे मुकाबले में वैभव को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। टीम इंडिया में मौका पाते ही वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। अब इसे लेकर भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने अपनी बात रखी है।
वैभव के सेलेक्शन पर क्या बोले पार्थिव
पार्थिव पटेल ने कहा कि 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू करवाना सिलेक्टर्स का 'भावनात्मक फैसला' है। उनका मानना है कि वैभव को मौका देना भावनात्मक तौर पर तो सही है, लेकिन इसके लिए संजू सैमसन जैसे सीनियर को बाहर करना तर्कहीन है। जियोस्टार से बातचीत में पार्थिव ने कहा कि टीम सेलेक्शन में या तो भावना चलती है या तर्क। दोनों साथ नहीं चल सकते। उन्होंने कहा, "वैभव सूर्यवंशी को मौका देना भावनात्मक रूप से सही फैसला था। लेकिन तर्क की बात करें तो सवाल यही है कि संजू सैमसन को क्यों हटाया गया? लगता है ये फैसला भावनात्मक आधार पर लिया गया।"
इंटरनेशनल में कैसा रहा परफॉर्मेंस?
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू अभी तक फीका रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ तीन पारियों में वैभव का बल्ला बिल्कुल नहीं चला है। उन्होंने अपने डेब्यू मैच में सिर्फ 14 रन बनाए। वह अपने दूसरे मैच में सिर्फ 13 और तीसरे मैच में 15 रन ही बना पाए। दो बार तो उन्हें जोफ्रा आर्चर ने आउट किया। बता दें कि जोफ्रा आर्चर आईपीएल में उनकी ही टीम राजस्थान रॉयल्स से खेलते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- संजू सैमसन को टीम से बाहर करने पर भड़के भारत के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर, कह दी ऐसी बात
जिस तरह IPL में वैभव तूफानी बल्लेबाजी करते नजर आए थे, उनका वह फॉर्म अभी तक इंटरनेशनल लेवल पर नजर नहीं आया है। वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 के स्टार थे। उन्होंने पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाए थे और अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया था। IPL में इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें टीम इंडिया में बुलाया गया था, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी उन्हें लय हासिल करनी बाकी है।
