AKIRA Ransomware: इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In)ने नए वायरस के बारे में जानकारी दी है जो काफी खतरनाक है। इस वायरस का नाम अकीरा है जो कंप्यूटर को हैक कर लेता है और डेटा लीक होने से बचाने के लिए आपसे पैसा मांगा जाता है। आपके सिस्टम को हैक करने के लिए इस सॉफ्टवेयर को डिजाइन किया गया है जो विंडोज और लाइनक्स दोनों के लिए खतरनाक है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अकीरा की मदद से हैकर्स पहले आपका महत्वपूर्ण डेटा चुरा लेते हैं, फिर इस डेटा को अपने सिस्टम पर सेव कर लेते हैं।
डर्क वेब पर डाल देते हैं डेटा?
सीईआरटी-इन की मानें तो कोई शख्स अगर हैकर्स को फिरौती देने से मना करता है, तो उसका निजी डेटा अपने डार्क वेब ब्लॉग पर दिखाते हैं। जानकारी के अनुसार अटैकर्स वीपीएस सर्विस का दुरुपयोग करते हैं, खासतौर पर उन यूजर्स का जिन्होंने मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन ना किया हो। आपके सिस्टम में घुसपैठ करने के लिए हैकर्स कई टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं जिनमें एनीडेस्क, विनआरएआर और पीसीहंटर शामिल हैं। यूजर्स द्वारा इन्हें अक्सर नजरअंदाज किया जाता है।
अकीरा का तोड़ क्या है?
अकीरा टार्गेट की गई डिवाइस में घुस जाता है जिसके बाद आपकी हर फाइल के अंत में .अकीरा लिखा आने लगेगा। अकीरा से बचने के लिए इंटरनेट यूजर्स को प्रोटेक्शन प्रोटोकॉल्स पर ध्यान देना चाहिए, इसमें महत्वपूर्ण डेटा का ऑफलाइन बैकअप रखने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा समय-समय पर अपने सिस्टम और ऐप्स को अपडेट करें। यहां मल्टी फैटर ऑथेंटिकेशन काफी अहम भूमिका निभाता है, इसमें एक जगह लॉगइन करने के लिए कई स्टेप्स फॉलो करने होते हैं और हैकर्स का काम मुश्किल होता है।
