टेक एंड गैजेट्स

5G स्मार्टफोन खरीदते समय न करें ये गलतियां, इन फीचर्स को जरूर करें चेक, वरना बाद में होगा पछतावा

5G फोन खरीदते समय सबसे पहले उसके 5G बैंड की जानकारी लें। आसान भाषा में समझें तो बैंड वे फ्रीक्वेंसी हैं, जिनके जरिए फोन मोबाइल नेटवर्क से जुड़ता है। हर 5G फोन में एक जैसे बैंड नहीं मिलते।

Image

5G स्मार्टफोन में की खरीदारी के समय आपको उसके बैंड्स की जानकारी जरूर ले लेना चाहिए।

आज के समय में नया स्मार्टफोन खरीदने जाएं तो ज्यादातर फोन 5G सपोर्ट के साथ मिल जाते हैं। कंपनियां भी अपने फोन का प्रचार करते समय 5G कनेक्टिविटी, दमदार प्रोसेसर और शानदार परफॉर्मेंस जैसे बड़े-बड़े दावे करती हैं। लेकिन क्या सिर्फ 5G लिखा होने से कोई फोन अच्छा हो जाता है? बिल्कुल नहीं! कई बार लोग कम कीमत या अच्छे ऑफर के चक्कर में ऐसा 5G फोन खरीद लेते हैं, जिसमें जरूरी 5G बैंड नहीं होते। कुछ फोन में प्रोसेसर कमजोर होता है, तो कुछ में सॉफ्टवेयर अपडेट बहुत कम मिलते हैं। ऐसे में फोन खरीदने के कुछ महीनों बाद ही परेशानी शुरू हो जाती है।

अगर आप भी नया 5G स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो सिर्फ कैमरा और डिजाइन देखकर फैसला न करें। फोन के कुछ जरूरी फीचर्स को समझना भी बेहद जरूरी है। आइए आसान भाषा में जानते हैं कि 5G फोन खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

5G बैंड जरूर चेक करें

5G फोन खरीदते समय सबसे पहले उसके 5G बैंड की जानकारी लें। आसान भाषा में समझें तो बैंड वे फ्रीक्वेंसी हैं, जिनके जरिए फोन मोबाइल नेटवर्क से जुड़ता है। हर 5G फोन में एक जैसे बैंड नहीं मिलते। भारत में n78 और n28 जैसे 5G बैंड काफी अहम हैं। इसलिए फोन खरीदने से पहले उसकी ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर बैंड की लिस्ट जरूर चेक करें। सिर्फ 5G लिखा देखकर फोन खरीदने की गलती न करें।

प्रोसेसर पर दें खास ध्यान

स्मार्टफोन का प्रोसेसर उसके दिमाग की तरह होता है। फोन कितनी तेजी से काम करेगा, गेमिंग कैसी होगी और ऐप कितनी जल्दी खुलेंगे, यह काफी हद तक प्रोसेसर पर निर्भर करता है। आजकल Snapdragon और MediaTek Dimensity के कई प्रोसेसर वाले फोन मिलते हैं। अगर आप सामान्य इस्तेमाल करते हैं, तो अच्छा मिड-रेंज प्रोसेसर भी काफी है। वहीं, गेमिंग के लिए बेहतर CPU और GPU वाला फोन चुनें।

RAM और स्टोरेज भी है जरूरी

फोन खरीदते समय RAM और स्टोरेज को नजरअंदाज न करें। सामान्य इस्तेमाल के लिए 8GB RAM और 128GB स्टोरेज अच्छा विकल्प हो सकता है। अगर आप ज्यादा फोटो और वीडियो रखते हैं, तो 256GB स्टोरेज वाला फोन लेना बेहतर रहेगा। इसके अलावा फोन में UFS स्टोरेज है या नहीं, यह भी चेक करें। यह ऐप खोलने और फाइल ट्रांसफर करने की स्पीड बेहतर बनाने में मदद करती है।

सॉफ्टवेयर अपडेट का गणित समझें

फोन खरीदते समय यह जरूर देखें कि कंपनी कितने साल तक Android और सिक्योरिटी अपडेट देने वाली है। Android अपडेट से नए फीचर्स मिलते हैं, जबकि सिक्योरिटी अपडेट फोन को सुरक्षा खतरों से बचाने में मदद करते हैं। अगर आप अपना फोन 3 से 4 साल तक इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो ज्यादा अपडेट सपोर्ट वाला स्मार्टफोन चुनना समझदारी होगी।

डिस्प्ले और कैमरा की क्वालिटी देखें

फोन की डिस्प्ले अच्छी होगी, तो वीडियो देखने और गेम खेलने का अनुभव भी बेहतर होगा। इसलिए AMOLED या अच्छी LCD स्क्रीन, बेहतर ब्राइटनेस और 90Hz या 120Hz रिफ्रेश रेट जैसे फीचर्स पर ध्यान दें। वहीं, कैमरा खरीदते समय सिर्फ मेगापिक्सल न देखें। कैमरा सेंसर, फोटो क्वालिटी और वीडियो रिकॉर्डिंग की कैपिसिटी को भी चेक करें। बेहतर होगा कि फोन के कैमरे के सैंपल फोटो और वीडियो पहले देख लें।

चार्जिंग स्पीड चेक करें

5G इस्तेमाल करने और गेमिंग करने से बैटरी जल्दी खत्म हो सकती है। इसलिए 5000mAh या उससे ज्यादा बैटरी वाला फोन अच्छा विकल्प हो सकता है। साथ ही फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी जरूर देखें। हालांकि सिर्फ ज्यादा वॉट की चार्जिंग देखकर फोन न खरीदें। बैटरी बैकअप और चार्जर की उपलब्धता भी ध्यान में रखें।

दूसरे जरूरी फीचर्स भी न भूलें

5G के साथ फोन में Wi-Fi, Bluetooth, GPS और NFC जैसे फीचर्स भी चेक करें। इसके अलावा स्टीरियो स्पीकर, फिंगरप्रिंट सेंसर और IP रेटिंग जैसे फीचर्स भी आपकी जरूरत के हिसाब से काम आ सकते हैं। फोन खरीदने से पहले कंपनी की वारंटी और अपने शहर में सर्विस सेंटर की उपलब्धता भी जरूर पता कर लें।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article