अध्यात्म

20 या 21 नवंबर, तुलसी विवाह कब है; तुलसी विवाह की सही तारीख और विधि

Tulsi Vivah 2026 Date: तुलसी विवाह के बाद से ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। आइए जानते हैं कि साल 2026 में तुलसी विवाह किस तारीख को होगा।

Image

तुलसी विवाह किस दिन है (Image AI Generated and Newsroom Verified)

Tulsi Vivah 2026 Date: कार्तिक मास में देवउठनी एकादशी के बाद तुलसी विवाह का आयोजन किया जाता है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम जी के साथ कराया जाता है। साल 2026 में तुलसी विवाह की तारीख को लेकर लोगों के बीच असमंजस है कि यह 20 नवंबर को होगा या 21 नवंबर को होगा। पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि 21 नवंबर को पड़ रही है। ऐसे में तुलसी विवाह का मुख्य आयोजन शनिवार, 21 नवंबर 2026 को किया जाएगा। वहीं, 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी है। कई क्षेत्रों में इसी दिन शाम को तुलसी विवाह कराने की परंपरा भी है।

तुलसी विवाह के साथ ही हिंदू धर्म में मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस दिन घर में तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है और शालिग्राम जी को दूल्हे के रूप में तैयार किया जाता है। इसके बाद दोनों का विवाह पूरे रीति-रिवाज से कराया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है और वैवाहिक जीवन में खुशहाली बनी रहती है। आइए जानते हैं साल 2026 में तुलसी विवाह की सही तारीख, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और इसका धार्मिक महत्व क्या है।

तुलसी विवाह 2026 में कब है, 20 या 21 नवंबर?

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को है। इसे देवउठनी या प्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन भगवान श्रीहरिविष्णु शयन के जागते हैं। इसके अगले दिन यानी 21 नवंबर, शनिवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि है। इसी दिन तुलसी विवाह का मुख्य आयोजन होगा।

द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर शुरू होगी और 22 नवंबर की सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर समाप्त होगी। ऐसे में उदया तिथि और प्रदोष काल को देखते हुए 21 नवंबर को तुलसी विवाह करना शुभ रहेगा। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में देवउठनी एकादशी यानी 20 नवंबर की शाम को भी तुलसी विवाह कराया जाता है। यह उत्सव देवउठनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक चलता है, क्योंकि कार्तिक पूर्णिमा के दिन तुलसी माता की विदाई की जाती है। इस साल कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर 2026 को है।

तुलसी विवाह 2026 का शुभ मुहूर्त

तुलसी विवाह का आयोजन शाम के प्रदोष काल में किया जाता है। दिल्ली और नोएडा के पंचांग के अनुसार, 21 नवंबर को तुलसी विवाह के लिए शुभ समय इस प्रकार है।

  • तुलसी विवाह की तारीख: 21 नवंबर 2026, शनिवार
  • द्वादशी तिथि शुरू: सुबह 6:31 बजे, 21 नवंबर
  • द्वादशी तिथि समाप्त: सुबह 4:56 बजे, 22 नवंबर
  • प्रदोष काल: शाम 5:25 बजे से शाम 7:49 बजे तक
  • सूर्यास्त: शाम 5:25 बजे

अलग-अलग शहरों में सूर्यास्त के समय के अनुसार प्रदोष काल में कुछ मिनट का अंतर हो सकता है।

तुलसी विवाह 2026 की पूजा सामग्री

तुलसी विवाह कराने से पहले पूजा की सभी सामग्री एक जगह रख लें। इससे विवाह की रस्मों के दौरान परेशानी नहीं होगी। तुलसी का पौधा, शालिग्राम जी या भगवान विष्णु की प्रतिमा, लाल चुनरी, पीले वस्त्र, गन्ने की चार लकड़ियां, फूल-माला, हल्दी, कुमकुम, रोली, अक्षत, चंदन, सिंदूर, मेहंदी, चूड़ियां, नारियल, सुपारी, पान, कलश, घी का दीपक, धूप, कपूर, फल, मिठाई, पंचामृत और पूजा के लिए साफ जल की व्यवस्था करें।

तुलसी विवाह की पूरी पूजा विधि

तुलसी विवाह को घर पर भी पूरे रीति-रिवाज से कराया जा सकता है। इसके लिए तुलसी के पौधे को विवाह मंडप की तरह सजाया जाता है और शालिग्राम जी को दूल्हे के रूप में तैयार किया जाता है।

1. पूजा स्थल की सफाई करें: सबसे पहले घर के आंगन या पूजा स्थल की साफ-सफाई करें। तुलसी के गमले को अच्छी तरह साफ करें और उसके आसपास रंगोली बनाएं। तुलसी के पौधे को एक साफ चौकी पर स्थापित करें।

2. विवाह मंडप तैयार करें: तुलसी के गमले के चारों तरफ चार गन्ने लगाकर मंडप बनाएं। इनके ऊपर लाल या पीले कपड़े से सजावट करें। मंडप को फूलों और आम के पत्तों से भी सजा सकते हैं।

3. तुलसी माता का श्रृंगार करें: तुलसी के पौधे को लाल चुनरी पहनाएं। गमले पर रोली और हल्दी लगाएं। माता तुलसी को चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर, फूल और फूलों की माला अर्पित करें। तुलसी को दुल्हन की तरह सजाएं।

4. भगवान शालिग्राम को दूल्हे की तरह सजाएं: शालिग्राम जी को साफ जल और पंचामृत से स्नान कराएं। इसके बाद चंदन और हल्दी का तिलक लगाएं। उन्हें पीले वस्त्र पहनाएं और फूलों की माला अर्पित करें। अगर घर में शालिग्राम जी नहीं हैं तो भगवान विष्णु या श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर सकते हैं।

5. गणेश जी और कलश की पूजा करें: विवाह की रस्में शुरू करने से पहले भगवान गणेश का ध्यान करें। पूजा स्थल पर कलश स्थापित करें और भगवान विष्णु तथा माता तुलसी का ध्यान करते हुए विवाह का संकल्प लें।

6. तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराएं: भगवान शालिग्राम को तुलसी के पौधे के पास स्थापित करें। माता तुलसी और शालिग्राम जी को हल्दी, चंदन, अक्षत और फूल अर्पित करें। इसके बाद विवाह की रस्में शुरू करें। परिवार का कोई सदस्य तुलसी माता का कन्यादान कर सकता है। इस दौरान भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का ध्यान करें।

7. सात फेरे कराएं: विवाह की मुख्य रस्म में शालिग्राम जी को हाथ में लेकर तुलसी के पौधे की सात बार परिक्रमा कराएं। कुछ परिवारों में तुलसी के गमले को शालिग्राम जी के चारों ओर घुमाकर फेरे कराए जाते हैं। इस दौरान विवाह के मंगल गीत गाएं और माता तुलसी तथा भगवान विष्णु से परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करें।

8. भोग लगाएं: विवाह की रस्म पूरी होने के बाद भगवान शालिग्राम और माता तुलसी को फल, मिठाई, पंचामृत और अन्य प्रसाद अर्पित करें। गन्ना, सिंघाड़ा और मौसमी फल भी भोग में रख सकते हैं।

9. आरती करें: अंत में तुलसी माता और भगवान शालिग्राम की आरती करें। कपूर और घी का दीपक जलाकर परिवार के सभी सदस्य आरती में शामिल हों। पूजा पूरी होने के बाद प्रसाद बांटें।

तुलसी विवाह की कथा क्या है

पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन समय में वृंदा नाम की एक परम भक्त स्त्री थीं। उनका विवाह जलंधर नाम के शक्तिशाली असुर से हुआ था। वृंदा भगवान विष्णु की भक्त थीं और उनके पतिव्रत धर्म के प्रभाव से जलंधर को युद्ध में हराना मुश्किल हो गया था। जलंधर के अत्याचार बढ़ने पर देवताओं ने भगवान विष्णु से सहायता मांगी। भगवान विष्णु ने जलंधर का रूप धारण करके वृंदा के सामने दर्शन दिए। इससे वृंदा का पतिव्रत संकल्प टूट गया और युद्ध में भगवान शिव ने जलंधर का वध कर दिया।

जब वृंदा को इस बात का पता चला तो उन्होंने भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का श्राप दे दिया। इसके बाद वृंदा ने अपना शरीर त्याग दिया। उन्होंने शरीर त्याग दिया और उनकी चिता की राख पर तुलसी का पौधा उत्पन्न हुआ। भगवान विष्णु के पत्थर स्वरूप को शालिग्राम के नाम से जाना जाता है। भगवान शालिग्राम ने तुलसी माता के साथ विवाह रचाया और उनको हमेशा सुहागिन रहने का वरदान दिया। इस कारण शालिग्राम और तुलसी माता का विवाह किया जाता है।

कन्यादान का फल देता है तुलसी विवाह

तुलसी विवाह का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इसे भगवान विष्णु और माता तुलसी के विवाह उत्सव के रूप में मनाया जाता है। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के चार महीने की योगनिद्रा से जागने के बाद तुलसी विवाह कराया जाता है। इसके साथ ही मांगलिक कार्यों के लिए समय शुरू होने की मान्यता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य मिलता है। जिन लोगों के विवाह में देरी हो रही है या वैवाहिक जीवन में तनाव चल रहा है, वे भी तुलसी विवाह का आयोजन करते हैं। विवाहित जोड़े अगर इस दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम की पूजा करते हैं तो उनके जीवन में सुख और समृद्धि आती है। घर में तुलसी विवाह कराने से परिवार में सुख-शांति और सकारात्मक माहौल बना रहता है। इस दिन तुलसी माता की पूजा और दीपदान करने का भी विशेष महत्व है।

तुलसी विवाह के दिन इन बातों का रखें ध्यान

तुलसी विवाह के दिन सुबह तुलसी के पौधे की साफ-सफाई करें और शाम को विवाह की तैयारी पूरी कर लें। तुलसी के पौधे को सजाते समय उसकी पत्तियों और शाखाओं को नुकसान न पहुंचाएं। पूजा के लिए पहले से तोड़े हुए तुलसी दल का इस्तेमाल करें। द्वादशी तिथि पर तुलसी के पत्ते न तोड़ें।

विवाह की रस्म के दौरान भगवान विष्णु और माता तुलसी का ध्यान करें। पूजा के बाद प्रसाद परिवार और आसपास के लोगों में बांटें। घर में तुलसी का पौधा न हो तो साफ स्थान पर तुलसी का गमला स्थापित करके भी विवाह का आयोजन कर सकते हैं।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article