टेक एंड गैजेट्स

दिवाली पर स्मार्टफोन की ऑफलाइन बिक्री में 20% की गिरावट, इन फोन्स की रही खूब डिमांड

दिवाली के दौरान Apple के स्मार्टफोन की मांग काफी अच्छी रही। खासकर iPhone 15, iPhone 16 और iPhone 17 को ग्राहकों ने पसंद किया। Motorola के फोन की बिक्री भी मजबूत रही। वहीं, दूसरी ओर चीनी स्मार्टफोन कंपनियों को ऑफलाइन बाजार में ज्यादा सफलता नहीं मिली।

Image

दिवाली के दौरान Apple के स्मार्टफोन की मांग काफी अच्छी रही।

इस साल दिवाली के मौके पर स्मार्टफोन कंपनियों को ऑफलाइन बाजार में उम्मीद के मुताबिक बिक्री नहीं मिली। पिछले साल के मुकाबले इस बार दुकानों के जरिए स्मार्टफोन की बिक्री में करीब 20 फीसदी की कमी आई है। इसकी बड़ी वजह फोन की बढ़ती कीमतें और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले ज्यादा डिस्काउंट को माना जा रहा है। हालांकि, Apple और Motorola जैसे ब्रांड के फोन ग्राहकों को खूब पसंद आए।

ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, इस बार दिवाली के दौरान ऑफलाइन स्मार्टफोन बाजार में सालाना आधार पर करीब 20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, धनतेरस से लेकर दिवाली के एक दिन बाद तक दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली।

इन स्मार्टफोन्स की बढ़ी मांग

फेस्टिव सीजन में सबसे ज्यादा ग्राहकों ने 30,000 रुपये से 60,000 रुपये की कीमत वाले स्मार्टफोन खरीदे। खास बात यह है कि इस कीमत में मिलने वाले फोन पर डिस्काउंट और दूसरे ऑफर्स भी शामिल हैं। इसके बाद महंगे और प्रीमियम स्मार्टफोन की खरीदारी का नंबर रहा। इससे साफ है कि ग्राहक अब फोन खरीदते समय फीचर्स के साथ कीमत पर भी खास ध्यान दे रहे हैं।

iPhone की जमकर रही डिमांड

दिवाली के दौरान Apple के स्मार्टफोन की मांग काफी अच्छी रही। खासकर iPhone 15, iPhone 16 और iPhone 17 को ग्राहकों ने पसंद किया। Motorola के फोन की बिक्री भी मजबूत रही। वहीं, दूसरी ओर चीनी स्मार्टफोन कंपनियों को ऑफलाइन बाजार में ज्यादा सफलता नहीं मिली। Realme की बिक्री कमजोर रहने के पीछे फोन की ज्यादा कीमत और नए मॉडल कम लॉन्च होना जैसे कारण बताए जा रहे हैं।

Samsung को भी ऑफलाइन बाजार में हुई परेशानी

फेस्टिव सीजन में Samsung के लिए भी दुकानों के जरिए फोन बेचना आसान नहीं रहा। इसकी एक बड़ी वजह ऑनलाइन और ऑफलाइन कीमतों में अंतर बताया जा रहा है। ई-कॉमर्स वेबसाइट पर ग्राहकों को कई फोन कम कीमत और ज्यादा ऑफर्स के साथ मिल रहे थे। ऐसे में लोगों ने दुकानों से खरीदारी करने के बजाय ऑनलाइन फोन खरीदना ज्यादा पसंद किया।

छोटे दुकानदारों की बिक्री पर ज्यादा असर

15,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन की बिक्री में छोटे दुकानदारों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। वहीं, बड़े रिटेलर्स की स्थिति कुछ बेहतर रही। इसकी वजह यह थी कि उन्होंने फोन की कीमतें बढ़ने से पहले ही ज्यादा स्टॉक खरीद लिया था। इससे उन्हें ग्राहकों को बेहतर कीमत और डिस्काउंट देने में मदद मिली।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article