पर्थ: युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने अपने वनडे पदार्पण मैच में छह विकेट लेकर इतिहास रचा जिससे ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की शृंखला के पहले मुकाबले में इंग्लैंड को सात विकेट से शिकस्त दी। बियर्डमैन ने 24 रन देकर छह विकेट झटके और वनडे पदार्पण पर ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज बन गए। उनकी शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान मिचेल मार्श की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 159 गेंद शेष रहते एकतरफा जीत दर्ज की।
मैच से पहले हावी रहा सैंडपेपरगेट विवाद
इस मुकाबले से पहले पूरे सप्ताह ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने वाली सीमित ओवरों की शृंखला पर वर्ष 2018 के चर्चित ’सैंडपेपरगेट’ विवाद (रेगमाल से गेंद की सतह को खुरचने का मामला) की दोबारा चर्चा हावी रही। टॉस से चार घंटे से भी कम समय पहले ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस ने सिडनी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसी सप्ताह जारी हुई उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में किए गए दावों को 'पूरी तरह बकवास और निराधार' करार दिया।
बियर्डमैन ने अपने प्रदर्शन से बदली सुर्खियां
इक्कीस वर्षीय बियर्डमैन ने हालांकि मैदान पर अपने प्रदर्शन से सुर्खियों का रुख क्रिकेट की ओर मोड़ दिया। उन्होंने अपने आठवें गेंद पर पहला वनडे विकेट हासिल किया और इसके बाद इंग्लैंड के शीर्ष बल्लेबाजों को एक के बाद एक पवेलियन भेजते रहे। उन्हें स्पेंसर जॉनसन (तीन विकेट) और जेवियर बार्टलेट (एक विकेट) का अच्छा साथ मिला, जिससे इंग्लैंड की पूरी टीम 34 ओवर से पहले ही महज 131 रन पर सिमट गई।
हेड नहीं खेल पाए खाता, बावजूद इसके ऑस्ट्रेलिया ने की अच्छी शुरुआत
जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने ट्रेविस हेड के पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट होने के बावजूद शानदार शुरुआत की। मार्श ने महज 30 गेंदों पर 50 रन की आक्रामक पारी खेलकर इंग्लैंड को वापसी का मौका नहीं दिया। कूपर कोनोली ने 27, जोश इंग्लिस ने नाबाद 23 और मैट रेनशॉ ने नाबाद 26 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 23.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 132 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
12वें ओवर में बियर्डमैन ने बरपाया कहर
मैच में इंग्लैंड के बैकफुट पर जाने की शुरुआत 12वें ओवर में हुई, जब बियर्डमैन ने कप्तान हैरी ब्रूक (एक रन) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद 14वें ओवर में उन्होंने अपना 200वां वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे पूर्व कप्तान जो रूट (17) को भी पवेलियन भेज दिया। बियर्डमैन ने अपने चौथे ओवर में जॉर्डन कॉक्स (दो रन) और सैम कुरेन (शून्य) को आउट कर इंग्लैंड की मुश्किलें और बढ़ा दीं। 16 ओवर की समाप्ति तक इंग्लिश टीम छह विकेट पर महज 58 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी।
डेब्यू मैच में किया पांच विकेट लेने का कारनामा
इसके बाद अपने पांचवें ओवर में लियाम डॉसन (शून्य) को आउट कर बियर्डमैन ने वनडे पदार्पण पर पांच विकेट लेने का कारनामा भी पूरा किया। वह टोनी डोडेमाइड के बाद वनडे पदार्पण पर पांच विकेट लेने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बने। डोडेमाइड ने 1988 में श्रीलंका के खिलाफ 21 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे। बियर्डमैन ने इंग्लैंड की पारी का आखिरी विकेट लेकर अपना शानदार प्रदर्शन पूरा किया। उन्होंने 11वें नंबर के बल्लेबाज जोफ्रा आर्चर (11 रन) को आउट किया। बियर्डमैन ने मैच के बाद टेलीविजन साक्षात्कार में कहा,'यह सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बड़े सम्मान और सौभाग्य की बात है। इसके साथ कुछ विकेट हासिल करना तो सोने पर सुहागा जैसा रहा।'
65 रन पर इंग्लैंड ने गंवा दिए थे 8 विकेट
इंग्लैंड ने 65 रन तक अपने आठ विकेट गंवा दिए थे। विल जैक्स ने 47 गेंदों पर 25 रन बनाकर नौवें विकेट के लिए गस एटकिंसन के साथ पारी संभालने की कोशिश की। जॉनसन ने ड्रिंक्स ब्रेक के बाद अपनी पहली ही गेंद पर जैक्स को आउट कर दिया। इसके साथ ही इंग्लैंड का स्कोर नौ विकेट पर 102 रन हो गया। एटकिंसन 29 रन बनाकर नाबाद रहे और इंग्लैंड के सर्वोच्च स्कोरर बने। उनके और जैक्स के अलावा सिर्फ सलामी बल्लेबाज टॉम बैंटन (25 रन) ही 20 रन का आंकड़ा पार कर सके। दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे रविवार को एडिलेड में खेला जाएगा।
(भाषा)
