बॉलीवुड

जब Sonia Gandhi का मायका बना था बच्चन परिवार का घर, Amitabh Bachchan ने निभाई थी खास जिम्मेदारी

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब में अमिताभ बच्चन और उनके परिवार से जुड़े कई पुराने किस्से साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि भारत आने पर बच्चन परिवार ने उनका किस तरह साथ दिया था।

Image

सोनिया गांधी ने कही ये बात (pic credit-instagram/twitter/chatgpt)

आज दिग्गज एक्टर अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) और गांधी परिवार के रिश्तों की बात होती है तो अक्सर राजनीति और पुराने विवादों का जिक्र आता है। लेकिन एक दौर ऐसा भी था, जब दोनों परिवारों के बीच बेहद गहरा अपनापन था। इस रिश्ते की एक खास झलक सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की नई किताब बिलॉन्गिंग द जर्नी ऑफ लव (Belonging – A Journey of Love) में मिलती है। सोनिया ने बताया है कि जब वह 1968 में राजीव गांधी से शादी करने भारत आई थीं, तब बच्चन परिवार ने उन्हें अपने घर में जगह दी थी। इतना ही नहीं, उनकी शादी में बच्चन परिवार ने लड़की वालों की तरह कई रस्में भी निभाई थीं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Scary Picture: कंगना रनौत की हॉरर फिल्म की पहली झलक आई सामने, राणा दग्गुबाती ने किया बड़ा ऐलान)

सोनिया गांधी ने किया खुलासा

सोनिया जनवरी 1968 में दिल्ली पहुंची थीं। एयरपोर्ट पर उन्हें लेने राजीव गांधी के साथ उनके भाई संजय गांधी और अमिताभ बच्चन भी पहुंचे थे। उस समय अमिताभ फिल्मों में नहीं आए थे। भारत में शुरुआती दिनों में सोनिया बच्चन परिवार के साथ ही रहीं। हरिवंश राय बच्चन ने उनकी हिंदी सीखने में मदद की। सोनिया ने बताया कि वह अंग्रेजी पढ़ी थीं, लेकिन उसे अच्छी तरह बोल नहीं पाती थीं। हिंदी तो उनके लिए और भी मुश्किल थी। हरिवंश राय बच्चन उन्हें कभी-कभी हिंदी के शब्द सिखाते थे। इसी दौरान उन्होंने सोनिया से एक ऐसी बात कही, जिसका मतलब उन्हें उस समय समझ नहीं आया। उन्होंने कहा था कि इस देश में आप क्या हैं, उससे ज्यादा मायने यह रखता है कि लोग आपके बारे में क्या सोचते हैं। सोनिया ने अपनी किताब में लिखा कि बाद में उन्हें इस बात की गहराई समझ आई।

राजीव और सोनिया की शादी के दौरान बच्चन परिवार का घर उनके मायके जैसा बन गया था। मेहंदी और फूलों के गहनों की रस्में वहीं हुईं। अमिताभ उस समय कोलकाता में काम कर रहे थे, लेकिन शादी में शामिल होने दिल्ली आए थे। सोनिया ने यह भी बताया कि राजीव और उनका पहला बच्चा समय से पहले पैदा हुआ था और जन्म के कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई थी। उस मुश्किल दौर में तेजी बच्चन ने उन्हें संभाला और उनका दुख कम करने के लिए एक पिल्ला तोहफे में दिया, जिसका नाम रेशमा रखा गया। बाद में भी दोनों परिवारों का रिश्ता बना रहा। जब फिल्म 'कुली' की शूटिंग के दौरान अमिताभ गंभीर रूप से घायल हुए, तब इंदिरा गांधी और राजीव गांधी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव के कहने पर अमिताभ ने राजनीति में कदम रखा। हालांकि, बोफोर्स मामले में नाम आने के बाद उनका राजनीतिक सफर मुश्किल हो गया और 1987 में उन्होंने सांसद पद छोड़ दिया। सोनिया की किताब के ये किस्से बताते हैं कि कभी बच्चन और गांधी परिवार सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले परिवार थे।

Kumar Sarash
कुमार सरसauthor

कुमार सरस टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी लेखन शैली सरल, स्पष्ट और रोचक है, जो पाठकों को तुरंत जोड़ लेती है। कुमार सरस को बॉलीवुड, टीवी और OTT की ट्रेंडिंग खबरों पर काम करने में खास रुचि है। अब तक उन्होंने 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिखे हैं, जिनमें ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव अपडेट्स और एंटरटेनमेंट फीचर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article