स्मार्ट टीवी आज के समय में एक बेसिक जरूरत बन चुके हैं। हर घर में यह एंटरटेनमेंट का एक बड़ा साधन बन चुके हैं। बाजार में आपको हर एक सेगमेंट में तरह-तरह के स्मार्ट टीवी देखने को मिल जाएंगे। लेकिन जब बेहतर एंटरटेनमेंट की बात हो तो एक अच्छे डिस्प्ले वाला टीवी होना बहुत जरूर है। खरीदारी के समय लोगों में इस बात को लेकर बहुत ज्यादा कंफ्यूजन होता है कि 4K डिस्प्ले वाला टीवी खरीदा जाए या फिर 8K डिस्प्ले वाला स्मार्ट टीवी खरीदा जाए। अगर आप भी एक नया स्मार्ट टीवी खरीदने जा रहे हैं तो आइए आपको आज की खबर में जानकारी देते हैं कि दोनों तरह के स्मार्ट टीवी में क्या अंतर होता है।
4K और 8K Smart TV में मुख्य अंतर रेजोल्यूशन का होता है। सरल शब्दों में कहें तो 4K और 8K में सबसे बड़ा अंतर पिक्सेल काउंट का है। डिस्प्ले पर जितने ज्यादा पिक्सेल होंगे, तस्वीर उतनी ही साफ, शार्प और डिटेल्ड दिखेगी।
4K Ultra HD स्मार्ट टीवी में आपको रेजोल्यूशन 3840 X 2160 पिक्सेल होता है। यानी इसमें लगभग 83 लाख (8.3 Million) पिक्सेल्स होते हैं। वहीं 8K Ultra HD स्मार्ट टीवी के रेजोल्यूशन में 7680 X 4320 पिक्सेल होता है। इसमें लगभग 3.3 करोड़ (33 Million) पिक्सेल्स होते हैं। 8K स्मार्ट टीवी का सबसे बड़ा फायदा यह है कि 4K के मुकाबले 4 गुना ज्यादा पिक्सल्स होते हैं। इसका मतलब है कि बेहद करीब से देखने पर भी आपको स्क्रीन पर कोई पिक्सेल फटा हुआ नजर नहीं आएगा।
4K और 8K टीवी में ये हैं बड़े अंतर
कंटेंट की उपलब्धता
आज के समय में Netflix, Amazon Prime, YouTube और Hotstar पर लगभग सारा नया कंटेंट 4K में उपलब्ध है। यहाँ तक कि सेट-टॉप बॉक्स और गेमिंग कंसोल (PS5, Xbox Series X) भी 4K को पूरी तरह सपोर्ट करते हैं। दूसरी तरफ, 8K कंटेंट अभी बाजार में न के बराबर है। कुछ गिने-चुने यूट्यूब वीडियो या स्पेशल डॉक्यूमेंट्री ही 8K में मिलती हैं। हालांकि, 8K टीवी में 'Upscaling' फीचर होता है जो 4K कंटेंट को बेहतर बनाकर दिखाता है, लेकिन वह ओरिजिनल 8K जैसा नहीं होता।
स्क्रीन साइज
अगर आप 43 या 55 इंच का टीवी खरीद रहे हैं, तो आपको 4K और 8K में कोई अंतर समझ नहीं आएगा। 8K टेक्नोलॉजी का असली फायदा तब मिलता है जब स्क्रीन का साइज 75 इंच, 85 इंच या उससे बड़ा हो। छोटे स्क्रीन्स पर इंसानी आंखें 4K और 8K के पिक्सेल्स में फर्क नहीं कर पातीं।
इंटरनेट स्पीड और डेटा
8K कंटेंट को बिना रुके ऑनलाइन स्ट्रीम करने के लिए आपको कम से कम 50 Mbps से 100 Mbps तक की इंटरनेट स्पीड जरूरत होगी। साथ ही, यह 4K के मुकाबले कई गुना ज्यादा डेटा खर्च करता है।
किसे खरीदने में है आपका फायदा?
अगर आपका बजट एवरेज है तो आप 43, 55, या 65 इंच का 4K स्मार्ट टीवी खरीद सकते हैं। इसमें आप आसानी से फिल्में, वेब सीरीज, स्पोर्ट्स और नॉर्मल गेमिंग का शानदार एक्सपीरियंस ले पाएंगे। लेकिन, अगर आपको बजट की कोई दिक्कत नहीं है और आप थिएटर जैसा एक्सपीरियंस घर पर लेना चाहते हैं तो आप 8K रेजोल्यूशन वाला स्मार्ट टीवी खरीद सकते हैं। इसका आपको यह फायदा मिलेगा आपको 8-10 साल तक यह नए टीवी की तरह एक्सपीरियंस देगा।
